MP

पूर्व विस अध्यक्ष श्रीनिवास तिवारी के पोते और कांग्रेस नेता विवेक तिवारी का निधन

47 वर्षीय डॉ विवेक तिवारी बाबला किडनी और लीवर की बीमारी से जूझ रहे थे।

नईदिल्ली (जोशहोश डेस्क) पूर्व विस अध्यक्ष स्व. श्रीनिवास तिवारी के पोते और कांग्रेस नेता विवेक तिवारी ‘बाबला‘ का शनिवार को निधन हो गया। वे लंबे समय से किडनी और लीवर की बीमारी से ग्रसित थे। शनिवार सुबह दिल्ली के बीएलके सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में इलाज के दौरान उनकी हालत बिगड़ गई और उन्हें तमाम प्रयासों के बाद भी बचाया नहीं जा सका।

परिजनों के मुताबिक 47 वर्षीय डॉ विवेक तिवारी बाबला किडनी और लीवर की बीमारी से जूझ रहे थे। रीवा में प्रारंभिक इलाज के बाद वे बीते एक महीने से दिल्ली में अपना इलाज करा रहे थे।

विवेक तिवारी पूर्व विस अध्यक्ष श्रीनिवास तिवारी के सबसे बड़े पोते थे। उनके पिता डॉ अरुण तिवारी का भी निधन हो चुका है। विवेक तिवारी के परिवार में उनकी पत्नी अरुणा तिवारी एक बेटा और बेटी हैं।

विवेक तिवारी कांग्रेस के सक्रिय नेता थे। 2013 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने विवेक तिवारी को सिरमौर विधानसभा से अपना प्रत्याशी बनाया था। लेकिन वे चुनाव हार गए थे। वे तीन बार जिला पंचायत सदस्य भी रहे।

छात्र जीवन से ही विवेक तिवारी राजनीति में सक्रिय हो गए थे। वे यूथ कांग्रेस में भी विभिन्न पदों पर रहे। बीते विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने उनकी पत्नी अरुणा तिवारी को सिरमौर विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया था। अरुणा तिवारी को भाजपा के दिव्यराज सिंह ने हरा दिया था।

Back to top button