MP

सागर: आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के धरने में दूसरी मौत, तीनों मंत्री ‘गुमशुदा’

सागर में 40 दिन से दिन चल रहा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का धरना, गुरुवार को एक और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की मौत।

सागर (जोशहोश डेस्क) सागर में करीब डेढ़ महीने से चल रहा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का धरना अब उनकी जान पर भारी साबित हो रहा है। गुरुवार को धरने पर बैठी एक और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की मौत हो गई। वहीं संभाग के तीनों मंत्रियों द्वारा अनदेखी किये जाने से निराश आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने मंत्रियों के गुमशुदा होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई।

सागर में करीब 40 दिनों से आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अपनी मांगो को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल के साथ धरना प्रदर्शन कर रही हैं। इतना लंबा समय और भीषण गर्मी के बाद भी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की सुनवाई के लिए सरकार के नुमाइंदे आगे नहीं आ रहे हैं। गुरुवार को धरने में शामिल कार्यकर्ता शाहनाज बानो की मौत हो गई। आज धरना स्थल पर शाहनाज बानो का जनाजा रख कर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदर्शन भी किया जाएगा। करीब आठ दिन पहले ही धरने में शामिल एक अन्य कार्यकर्ता सावित्री अहिरवार की भी मौत हो चुकी है।

आंगनवाडी कार्यकर्ताओं की अनिश्चितकालीन हड़ताल को समर्थन दे रहे शिवसेना सेना के उपराज्य प्रमुख पप्पू तिवारी ने जोशहोश मीडिया को बताया कि एक दिन पहले प्रदर्शन के दौरान शाहनाज बानो की तबीयत बिगड़ गई थी। जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गुरुवार को इलाज के दौरान शाहनाज बानो ने दम तोड़ दिया।

पप्पू तिवारी ने शाहनाज की मौत को लेकर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि सागर से केंद्र की मोदी सरकार में दो और प्रदेश की शिवराज सरकार में तीन मंत्री शामिल हैं। इसके बाद भी हड़ताल पर बैठी आंगनवाडी कार्यकर्ताओं की मौत हो रही है इसका गुनहगार कौन है? उन्होंने सवाल उठाया कि प्रदेश सरकार में शामिल सागर के तीन मंत्रियों ने भी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के मुद्दे पर चुप्पी क्यों साध रखी है?

दूसरी ओर लगातार अनिश्चित कालीन धरने पर बैठी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को रैली निकालकर जिले के तीन मंत्रियों के नाम गुमशुदगी का शिकायती आवेदन पुलिस को सौंपा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने गोपालगंज थाने में मंत्री मंत्री भूपेन्द्र सिंह, गोविंद राजपूत और गोपाल भार्गव की गुमशुदगी की शिकायती आवेदन थाना प्रभारी को दिया।

इस मौके पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संघ की अध्यक्ष लीला शर्मा में कहा कि 39 दिनों से कार्यकर्ता मंत्रियों तक अपनी बात पहुंचाने का प्रयास कर रही हैं। तीनों मंत्रियों के घर के कई चक्कर भी कार्यकर्ता लगा चुकी हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। इसलिए हड़ताल पर विषम परिस्थितियों का सामना कर रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सागर के तीनों मंत्रियों की शिकायत पुलिस तक पहुंचाई है।

गौरतलब है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं को शासकीय वेतन भोगी घोषित किया जाने के साथ अनुकम्पा नियुक्ति का लाभ दिया जाने और व उम्र सीमा का बंधन समाप्त किया जाने की मांग को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संघ द्वारा सागर में अनिश्चितकालीन हड़ताल के साथ धरना प्रदर्शन किया जा रहा है।

Back to top button