National

SP को मारा था थप्पड़, जमानत पर रिहाई के बाद BJP ने बनाया जिलाध्यक्ष

इटावा भाजयुमो जिलाध्यक्ष की नियुक्ति सुर्ख़ियों में, सोशल मीडिया में उठे सवाल।

इटावा (जोशहोश डेस्क) बीते माह ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में तत्कालीन एसपी सिटी प्रशांत कुमार को थप्पड़ मारने वाले विवेक चौधरी उर्फ संजू चौधरी को भारतीय जनता पार्टी ने अपने युवा मोर्चा का जिलाध्यक्ष बनाया है। चुनाव के दौरान पुलिस टीम पर पथराव, फायरिंग हुई थी और एसपी सिटी प्रशांत कुमार को थप्पड़ मारा गया था। थप्पड़ मारने वाले की पहचान विवेक चौधरी उर्फ संजू चौधरी के रूप में हुई थी जिसे अब जिले में भारतीय जनता युवा मोर्चा की कमान दी गई है।

अमर रिपोर्ट के मुताबिक तत्कालीन एसपी सिटी प्रशांत कुमार को थप्पड़ मारने वाले विवेक चौधरी उर्फ संजू चौधरी को जमानत पर रिहा होने के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा का जिलाध्यक्ष बना दिया गया है। इस मामले को लेकर जब भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेदी से संपर्क किया तो उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला।

एसपी को थप्पड़ मारने वाले को भाजयुमो का जिलाध्यक्ष बनाए जाने को लेकर सोशल मीडिया में सवाल भी उठ रहे हैं-

दरअसल इटावा में 10 जुलाई को ब्लॉक प्रमुख चुनाव के मतदान के दौरान बढ़पुरा ब्लॉक में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी गणेश राजपूत और समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आनंद यादव के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया था। पुलिस ने जब कार्यकर्ताओं को हटाने की कोशिश की तो पुलिस पर पथराव कर फायरिंग की गई थी और एसपी सिटी प्रशांत कुमार को थप्पड़ मार दिया था।

घटना के बाद का वीडियो वायरल भी हुआ था। वीडियो में एसपी सिटी यह कहते नज़र आये थे कि भारतीय जनता पार्टी के लोगों द्वारा उनके साथ मारपीट की गई। भाजपाई बम, हथगोले ले कर आए हैं और फायरिंग कर रहे हैं। इस मामले में 12 जुलाई को सिविल लाइन थाना पुलिस ने संजू चौधरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जो 16 जुलाई को जमानत पर रिहा होकर आया है। वहीं एसपी सिटी प्रशांत कुमार का भी तबादला कर दिया गया था।

Back to top button