MP

गृहमंत्री ने डिलीट किया राघोगढ़ ‘हार’ का दावा, दिग्विजय ने दिया बड़ा चैलेंज

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के दावे को लेकर राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने किया तीखा पलटवार, दतिया का दिया हवाला

भोपाल(जोशहोश डेस्क) प्रदेश में नगरीय निकाय के चुनाव परिणामों को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इस बीच गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के एक दावे को लेकर राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने पलटवार किया है। साथ ही गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को उनकी विधानसभा दतिया का हवाला देते हुए बड़ा चैलेंज भी दे डाला है।

मामला राघोगढ़ नगर पालिका के चुनाव से जुड़ा है। दरअसल मंगलवार को गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दावा किया कि दिग्विजय सिंह जी ने जिस राघौगढ़ नगर पालिका से अपने राजनीतिक करियर की शुरूआत की थी वहां कांग्रेस को सिर्फ 3 सीटें मिली हैं फिर भी दिग्विजय सिंह खुश हैं? वैसे भी दिग्विजय सिंह जी की गलती कम है, टिकट तो कमलनाथ जी ने ही बांटे थे।

इस पर राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने पलटवार करते हुए न सिर्फ तथ्य सामने रखे बल्कि गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के सूचना तंत्र का मखौल उड़ाते हुए बड़ी चुनौती भी दे डाली। दिग्विजय सिंह ने लिखा कि-प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का सूचनातंत्र इतना कमज़ोर है कि उन्हें यह तक नहीं मालूम कि हालिया हुए स्थानीय चुनावों में राघौगढ़ नगरपालिका का चुनाव ही नहीं हुआ।

यही नहीं दिग्विजय सिंह ने राघोगढ़ नगर पालिका में कांग्रेस के प्रदर्शन का इतिहास भी बता डाला। उन्होंने लिखा कि- मौजूदा राघौगढ़ परिषद का अध्यक्ष कांग्रेस से और 24 में से 22 पार्षद भी कांग्रेस के ही हैं। 1971 से भारतीय जनसंघ व भाजपा एक बार भी परिषद नहीं बना पाई। दिग्विजय सिंह ने यहाँ तक कहा कि बिना पुलिस के संरक्षण में नरोत्तम जी आप दतिया भी नहीं जीत पाते। आइए 2023 में दो-दो हाथ हो जाए।

पूरे विवाद की पीछे गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा द्वारा राजगढ़ को राघौगढ़ कहना है। राजगढ़ की बात कहते हुए वे राजगढ़ को राघौगढ़ कह बैठे। नरोत्तम मिश्रा का आगे कहना था कि दिग्विजय सिंह खुद ये बोले थे कि टिकट कमलनाथ ने बांटे हैं। कमलनाथ ने बांटे हैं, तो राजगढ़ में भी उन्होंने बांटे होंगे। कमलनाथजी के टिकट जैसे होने चाहिए थे, वैसे निकले राजगढ़ में भी। बाद में नरोत्तम मिश्रा के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से इस सन्दर्भ का ट्वीट डिलीट कर दिया गया।

गौरतलब है कि साल 2018 के विधानसभा चुनाव से पहले हुए राघोगढ़ नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस ने बड़ी जीत हासिल की थी। अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी आरती शर्मा ने भाजपा की मायादेवी अग्रवाल को भारी मतों से हराया था। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर से लेकर कई वरिष्ठ नेता भाजपा ले लिए प्रचार में उतरे थे वहीं कांग्रेस की ओर से विधायक जयवर्धन सिंह ने मोर्चा संभाला था। इसके बाद भी यहाँ भाजपा को करारी हार का
सामना करा पड़ा था।

Back to top button