छत्तीसगढ़ में BJP का OBC कार्ड, सांसद अरुण साव नए प्रदेश अध्यक्ष

अरुण साव विद्यार्थी संगठन एबीवीपी के प्रदेश मंत्री रह चुके हैं। वे हाईकोर्ट के उपमहाधिवक्ता भी रहे हैं।

रायपुर (जोशहोश डेस्क) छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव से करीब भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा फेबदल किया है। भाजपा ने बिलासपुर से सांसद अरुण साव को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। विधानसभा चुनाव से करीब 15 महीने पहले ओबीसी वर्ग से आने वाले अरुण साव को कमान देकर भाजपा ने बड़ा सन्देश दिया है।

अरुण साव अब तक प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की ज़िम्मेदारी संभाल रहे विष्णुदेव साय का स्थान लेंगे। अरुण साव विद्यार्थी संगठन एबीवीपी के प्रदेश मंत्री रह चुके हैं। वे हाईकोर्ट के उपमहाधिवक्ता भी रहे हैं।

भाजपा द्वारा क्षेत्रीय संगठन मंत्री के रूप में अजय जामवाल की नियुक्ति के बाद ही यह माना जा रहा था कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन में बड़ा बदलाव हो सकता है। जामवाल ने तीन दिन में प्रदेश पदाधिकारियों, कोर ग्रुप और विधायक दल की बैठक के बाद एक रिपोर्ट केंद्रीय संगठन को सौंपी थी।

बताया जा रहा है कि इस रिपोर्ट के बाद विष्णुदेव साय को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने का फैसला लिया गया। प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद अरुण साव ने प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनाने को अपनी प्राथमिकता बताई। उन्होंने कहा कि वे संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेंगे और अटल जी के सपनों को छत्तीसगढ़ साकार करेंगे।

Exit mobile version