National

हर-घर तिरंगा: 1 हजार करोड़ का बाज़ार, 11 में से 7 सप्लायर गुजरात के

26 करोड़ घरों में तिरंगा फहराने का अभियान, एक तिरंगे की कीमत साइज के अनुसार 25 से 50 रुपये तक

नई दिल्ली (जोश होश डेस्क) आजादी के 75 वे साल पर केंद्र सरकार हर घर तिरंगा अभियान की तैयारी में जुटी है। सरकार की मंशा है कि इस अभियान के तहत करीब 26 करोड़ घरों में तिरंगा फहराया जाय। वहीं इतनी बड़ी मात्रा में तिरंगे की आवश्यकता को देखते हुए तिरंगे की सप्लाई के लिए सरकार ने 11 प्रोमिनेन्ट सप्लायर्स की सूची भी जारी की है। इनमें से सात सप्लायर्स गुजरात के हैं।

सरकार के इस आयोजन की अगुआई संस्कृति मंत्रालय कर रहा है। इसके लिए लिए एक बेवसाइट भी बनाई गई है। हर-घर तिरंगा नाम से इस बेवसाइट पर सप्लायर्स के नाम और तिरंगे की कीमत और स्टाॅक भी साइज अनुसार दर्शाये गए हैं।

एक तिरंगे की कीमत साइज के अनुसार 25 से 50 रुपये तक रखी गई है। अगर एक तिरंगे की औसत कीमत 35 रुपए मानी जाए और अगर 26 करोड घरों तक इसे पहुंचाया जाए तो यह राशि करीब एक हजार करोड़ रुपए होती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक तो आयोजन पर करीब 1300 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है।

दूसरी ओर सरकार ने इस अभियान के लिए ध्वज कोड में बदलाव कर पाॅलिएस्टर या मशीन से बुने कपडे के झंडे की अनुमति भी दे दी है। सरकार ने ही करीब 11 करोड़ से अधिक के पाॅलिएस्टर से बने तिरंगे खरीदे हैं।

दूसरी ओर इस पर सवाल भी उठने शुरू हो गए हैं। कांग्रेस प्रवक्ता पूर्व विंग कमांडर अनुमा आचार्य ने लिखा कि-कांग्रेस ने राष्ट्रभक्ति तथा राष्ट्रध्वज तिरंगे को सर्वोच्च सम्मान की स्थापित भावना बनाया, मार्केटिंग की वस्तु नहीं-

गौरतलब है कि आजादी का अमृत महोत्सव के लिए संस्कृति मंत्रालय ने ‘हर घर तिरंगा’ पहल शुरू की है। सरकार ने नागरिकों से 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों पर गर्व से तिरंगा फहराने का आग्रह किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी 13 से 15 अगस्त के बीच अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ आंदोलन को मजबूत करने का आग्रह किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लिखा- इस साल जब हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं, आइए हम हर घर तिरंगा आंदोलन को मजबूत करें. 13 से 15 अगस्त के बीच तिरंगा फहराएं या अपने घरों में इसे लहराएं। यह आंदोलन राष्ट्रीय ध्वज के साथ हमारे जुड़ाव को गहरा करेगा।

Back to top button