MP

सतना: भाजपा के दो नेताओं ने ऑक्सीजन की कमी से तोड़ा दम !

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने राजेंद्र अग्रवाल और नवनीत लटोरिया के निधन पर शोक जताया है।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सांरग भले ही यह दावा कर रहे हों कि प्रदेश में ऑक्सीजन की कमी नहीं आने दी जाएगी लेकिन हकीकत ऐसी नहीं दिख रही। सतना में दो कोरोना संक्रमित भाजपा नेताओं की इलाज के दौरान मौत हो गई और मीडिया रिपोर्ट में इन मौतों के लिए भी ऑक्सीजन की कमी को ही जिम्मेदार बताया जा रहा है।

सांध्य दैनिक प्रदेश टुडे में प्रकाशित खबर के मुताबिक सतना के जिला अस्पताल में शनिवार देर रात भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र अग्रवाल और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नवनीत लटोरिया समेत चार लोगों की मौत हो गई। इनकी मौत का कारण ऑक्सीजन की कमी को बताया जा रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने राजेंद्र अग्रवाल और नवनीत लटोरिया के निधन पर शोक जताया है।

चार मौतों के बाद से अस्पताल समेत प्रशासन में हड़कंप की स्थिति देखी गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने शहर के एक गोदाम में छापा मारकर करीब 300 ऑक्सीजन सिलेंडर जब्त किए हैं। वहीं अस्पताल में मौजूद वेंटिलेटरों के भी खराब होने की शिकायत मरीजों के परिजनों ने की है।

गौरतलब है कि प्रदेश के चिकित्सा चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सांरग ने हाल ही में यह दावा किया था कि मध्यप्रदेश में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन है और आने वाले समय में भी लगातार इसकी उपलब्धता बढ़ाई जाएगी। हालांकि मीडिया में जबलपुर, शहडोल और ग्वालियर के अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी से मौतों के मामले आ चुके हैं।

Back to top button