MP

प्रियंका गांधी ने दिया बड़ा इशारा, कांग्रेस की सरकार बनी तो कमलनाथ ही CM

प्रियंका गांधी ने अपने सम्बोधन में दिए कमलनाथ के सीएम बनने के संकेत

ग्वालियर (जोशहोश डेस्क) कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को ग्वालियर में ‘जनआक्रोश महारैली’ को सम्बोधित किया। प्रियंका गांधी ने अपने सम्बोधन में न सिर्फ महंगाई-बेरोजगारी को प्रदेश का चुनावी मुद्दा बनाया साथ ही यह भी इशारा दे दिया कि चुनाव बाद अगर कांग्रेस की सरकार बनी तो कमलनाथ ही मुख्यमंत्री होंगे।

प्रियंका गांधी ने मप्र में कमलनाथ के सीएम बनने के संकेत अपने सम्बोधन में दिए। प्रियंका ने प्रदेश में दिव्यांगों की पेंशन को लेकर जो बात कही उसका सियासी गलियारों में यही आशय लगाया जा रहा है कि कांग्रेस में कमलनाथ ही मुख्यमंत्री का चेहरा हैं।

यह भी पढ़ें-MP में प्रियंका ने महंगाई-बेरोजगारी को बनाया मुद्दा, बदलाव का नारा किया बुलंद

दरअसल प्रियंका गांधी ने कहा कि कमलनाथ जी मप्र में दिव्यांगों की पेंशन अभी पेंशन 600 रुपये है। मैं आपसे माँग करती हूँ कि आपकी सरकार बनने पर दिव्यांगों की पेंशन ज़रूर बढाईयेगा।

प्रियंका गांधी के इस आग्रह के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने भी उन्हें आश्वस्त किया कि मध्यप्रदेश मे हमारी सरकार बनते ही दिव्यांग जनों की पेंशन बढ़ाने का कार्य सर्व प्राथमिकता से किया जायेगा। कमलनाथ ने यह भी बताया कि वर्ष 2018 में कांग्रेस सरकार ने ही दिव्यांग पेंशन को 300 रूपये से बढ़ाकर 600 रूपये किया था, अब 2023 में पुन: हमारी सरकार इसे बढ़ाने के लिए संकल्पित है।

शुक्रवार को प्रियंका गांधी सबसे पहले वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की समाधि पहुंचीं। यहाँ पुष्पांजलि के बाद स्थानीय मेला ग्राउंड पर प्रियंका ने जनसभा में अपने सम्बोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रदेश की शिवराज सरकार पर भी तीखे हमले किये। प्रियंका गांधी ने कहा कि आज सबसे बड़ा मुद्दा महंगाई है। मैं भी चाहूं तो 30 मिनट के भाषण में 10 मिनट मोदी जी की आलोचना कर सकती हूं, 10 मिनट शिवराज जी के घोटालों पर बात कर सकती हूं और 10 मिनट सिंधिया जी की विचारधारा पलटने पर बोल सकती हूं लेकिन मैं मुद्दों की बात करने आई हूं। मैं यहां आपका ध्यान भटकाने नहीं आई हूं।

Back to top button