MP

Board Result: सागर की इशिता कला संकाय में श्योपुर की प्रगति ओवरऑल टॉपर

10वीं और12वीं बोर्ड के परिणाम शुक्रवार को घोषित, 10वीं का 59.54% और 12वीं का 72 फीसदी रहा परिणाम।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) माध्यमिक शिक्षा मंडल (एमपी बोर्ड) की 10वीं और12वीं बोर्ड के परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिए गए। 12वीं में श्योपुर की प्रगति मित्तल ने प्रदेश में सभी संकाय में ओवरऑल टॉप किया है। वहीं कला समूह में सागर जिले की बेटी इशिता दुबे 480 नंबर के साथ टॉप पर रही हैं। कक्षा 10वीं का परिणाम 59.54 प्रतिशत और 12वीं का 72 फीसदी रहा।

कक्षा 10वीं में छतरपुर की नैंसी दुबे और सतना की सुचिता पांडे ने संयुक्त रूप से टॉपर रहीं। नैंसी और सुचिता ने 500 में से 496 नंबर (99.2%) हासिल किए। इस बार 10वीं में 3.50 लाख और 12वीं में 1.20 लाख बच्चे फेल हुए हैं। स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री इंदर सिंह परमार ने शुक्रवार को सिंगल क्लिक से रिजल्ट जारी किया।

श्योपुर की प्रगति मित्तल ने 500 में से 494 अंक हासिल किए। प्रगति के पिता टेंट व्यवसायी हैं जिन्हें प्रगति ने अपनी सफलता के पीछे सबसे बड़ी प्रेरणा बताया है। कोरोना काल में बिजनेस ठप होने के बाद भी प्रगति के पिता उसका मनोबल बढ़ाते रहे। रोज़ाना पांच से छह घंटे पढ़ाई करने वाले प्रगति को प्रावीण्य सूची में आने का भरोसा था। प्रगति आईएएस बनना चाहती हैं।

सागर जिले के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रहली की छात्रा इशिता दुबे ने कला संकाय में 500 में से 480 अंक हासिल किये। इशिता के पिता किसान और मां शासकीय स्कूल में शिक्षिका हैं। इशिता ने बताया कि प्रतिदिन10 से 12 घंटे पढ़ाई कर उन्होंने यह सफलता हासिल की है। इशिता ने अपनी सफलता का श्रेय मां साक्षी दुबे और परिजनों के साथ स्कूल के शिक्षकों को दिया है।

इशिता ने बताया कि मैंने सभी विषयों के नोट्स तैयार किये और प्रारंभ से ही प्रावीण्य सूची में आने का लक्ष्य बना तैयारी की। इसमें शिक्षकों और मां से मिला मार्गदर्शन बेहद काम आया। इशिता का लक्ष्य कलेक्टर बनना है और इसे हासिल करने वे अब यूपीएससी की तैयारी में जुट जाएंगी। इशिता की सफलता से परिवार में जश्न का माहौल है।

गौरतलब है कि इस वर्ष 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में करीब 18 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया था। 12वीं की परीक्षा में 6 लाख 97 हजार 880 छात्र और 10वीं की परीक्षा में 10 लाख 29 हजार 698 छात्र उपस्थित हुए थे। कक्षा 10वीं की प्रावीण्य सूची में 55 छात्राओं एवं 40 छात्रों (कुल 95) ने स्थान पाया है। दमोह में सर्वाधिक 83.80 प्रतिशत परिणाम आया और अलीराजपुर 82.44 प्रतिशत परिणाम के साथ दूसरे स्थान पर रहा।

वहीं कक्षा 12वीं की प्रावीण्य सूची में 93 छात्राओं एवं 60 छात्रों (कुल 153) ने स्थान पाया है। नियमित छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 69.94 एवं नियमित छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 75.64 रहा है। हायर सेकेंडरी में सर्वाधिक उत्तीर्ण प्रतिशत अलीराजपुर जिले का 93.24 % रहा है तथा द्वितीय जिला दमोह का 89.18 % रहा है।

Back to top button