MP

ब्रेक के बाद फिर शुरू भारत जोड़ो यात्रा, एक्ट्रेस स्वरा भास्कर भी शामिल

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा एक दिन के विराम के बाद फिर शुरू, उज्जैन से आगर मालवा की ओर बढ़ रही यात्रा

उज्जैन (जोशहोश डेस्क) कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा एक दिन के विराम के बाद फिर शुरू हो गई। यात्रा गुरुवार को उज्जैन के आरडी मेडिकल काॅलेज से प्रारंभ हुई। यात्रा में अभिनेत्री स्वरा भास्कर भी शामिल हुईं।

उज्जैन से अब यात्रा आगर मालवा की ओर बढ़ रही है। जहां से चार दिसंबर को राजस्थान में प्रवेश करेगी। स्वरा भास्कर से पहले सुशांत सिंह,अमोल पालेकर, रिया सेन, पूजा भट्ट, रश्मि देसाई, आकांक्षा पुरी भी शामिल हो चुके हैं। स्वरा यात्रा का लगातार समर्थन कर रही थीं।

गुरुवार को यात्रा का 83वां दिन है। यात्रा के समन्वयक और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के अलावा पूर्व मंत्री और विधायक पीसी शर्मा और जीतू पटवारी भी राहुल गांधी के साथ कदमताल करते नज़र आये। उज्जैन के स्थानीय नेता भी यात्रा में राहुल गांधी से रूबरू हुए।

भारत जोड़ो यात्रा ने 23 नवंबर को मध्य प्रदेश में प्रवेश किया। गुरुवार को प्रदेश में यात्रा का नौवां दिन है। यात्रा 4 दिसंबर को आगर मालवा से राजस्थान सीमा में प्रवेश करेगी। मौजूदा राजनीतिक हालातों को देखते हुए राजस्थान में यात्रा पर सियासी पंडितों की निगाह लगी हुई है।

Back to top button