छोटे से गांव के आशीष, YouTuber बन देश-विदेश में कमा रहे नाम!

सागर (जोशहोश डेस्क) सोशल मीडिया आज एक ऐसा प्लेटफॉर्म बन गया है, जिसमें लोग कमाई भी करते हैं और टाइमपास भी। जहां एक तरफ एक बड़ी संख्या सोशल मीडिया के माध्यम से फेक न्यूज फेलाती है, वहीं आज के हमारे सोशल मीडिया के हीरो आशीष उपाध्याय इसके माध्यम से सामाजिक मुद्दे उठा रहे हैं।

आशीष उपाध्याय सागर जिले के हसरई गांव के हैं। हाल ही यूट्यूब पर उनके एक लाख सब्सक्राबर्स हुए हैं। वह बुंदेली भाषा में वीडियो बनाते हैं और लोगों को हंसाने का काम करते हैं। बुंदेली भाषा में वीडियो बनाने के पीछे उनका तर्क है कि हम हमारी भाषा से प्रेम करते हैं और यह चाहते हैं कि जिन लोगों को अपनी भाषा बोलने में शर्म आती है वो न आए।

हाल ही में उन्होंने एक वीडियो बनाया था जिसके जरिए उन्होंने अपने गांव की खराब सड़क का मुद्दा उठाया था। उनके गांव की एक सड़क सालों से खराब है, जिसमें कीचड़ हो जाता है। उन्होंने वीडियो में गांव की पंचायत पर भी व्यंग किया है। एक जगह वह गांव के मुखिया से बात करते हैं जहां वह उनसे कहता है कि इस खराब सड़क की वजह से सरकार के जनसंख्या नियत्रंण कानून को मदद मिल रही है। इसके पीछे की वजह वह बताता है कि जब लड़की वाले इस गांव में लड़की ब्याहने आते हैं तो इस सड़क की वजह से वापस लौट जाते हैं। इस कारण इस गांव के कई लड़के कुंवारे हैं, शादी नहीं होगी तो बच्चे कहां होंगे।

यह भी पढ़ें : फिल्म और टीवी के पर्दे पर नेताजी की बहादुरी के किस्से

पोस्ट ग्रेजुएट हैं आशीष

आशीष ने सागर जिले हरिसिंह गौर यूनिवर्सिटी से बीएससी की है और छत्रसाल विश्वविद्याल से केमिस्ट्री में एमएससी की है। वे पोस्ट ग्रेजुएशन के साथ-साथ प्रतियोगी परिक्षाओं की तैयारी भी करते थे।

छोटे से गांव से रखते हैं ताल्लुक़

आशीष का गांव ज्यादा बड़ा नहीं है। वे बताते हैं कि हसरई में लगभग 100 घर हैं। वह सागर में पढ़ाई किया करते थे। तब वह प्रतियोगी परिक्षाओं की तैयारी किया करते थे। उस समय वह पढ़ाई से संबंधित वीडियो बना कर यूट्यूब में अपलोड करते थे। लेकिन उन वीडियो में उन्हें कुछ खास रिस्पॉस नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने यूट्यूब पर अपनी भाषा बुंदेली में कॉमेडी वीडियो बनाने की शुरुआत की। इसमें उन्हें सहयोग मिला उनके भाई बिहारी उपाध्याय और आदित्य उपाध्याय का। उनकी पूरी टीम छह लोगों कि है जिसमें ओम , शिवकांत और जयदीप भी शामिल हैं।

उनके कॉमेडी वीडियो को लोगों ने खूब पंसद किया। आज उनकी कॉमेडी वीडियो की वजह से उनके एक लाख से ज्यादा सबस्क्राइबर हो चुके हैं। तीन महीने पहले अपलोड किए गए उनके एक वीडियो को 4 लाख से ज्यादा लोगों ने देखा है। इसके साथ ही कई ऐसे वीडियो हैं जिन्हें 2 लाख से ज्यादा लोगों ने देखा है।

परिवार और दोस्तों से मिलता है सहयोग

आशीष ने जोशहोश मीडिया से बात करते हुए बताया कि उन्हें अपने गांव वालों से भी पूरा सहयोग मिलता है। आज वह बुंदेलखंड के जानेमाने नाम बन चुके हैं। इसमें भी उनके परिवार, दोस्तों और गांववालों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

आशीष उपाध्याय कहते हैं कि भविष्य में भी उनकी यह योजना है कि लोगों को हंसाया जाए। क्योंकि हंसाने से अच्छा और कोई दूसरा काम नहीं है। लोगों के चेहरे पर मुस्कुराहट लाने से उन्हें भी अच्छा लगता है। इसके साथ ही वे सामाजिक मुद्दे उठाते रहेंगे। लेकिन इसके साथ ही वह कहते हैं कि हम सामाजिक मुद्दे तो उठाएंगे लेकिन बिना किसी राजनीति में फंसे, बिना किसी का पक्ष लिए। इसकी वजह वह बताते हैं कि इससे अक्सर यह होता है कि सामाजिक मुद्दे तो कहीं पीछे छूट जाते हैं और उसका स्थान राजनैतिक हित लेने लगता है।

आशीष अपने भविष्य की योजना बताते हुए कहते हैं कि – वह अब अपनी कॉमेडी में ही फोकस करना चाहते हैं। एक वक्त में सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले आशीष आज एक सामान्य नौकरी से ज्यादा ही कमा रहे हैं। इसके साथ ही वे कई युवाओं के लिए प्रेरणा का काम भी कर रहे हैं।

Exit mobile version