MP

कमलनाथ ने आपदा में अन्न उत्सव पर उठाए सवाल, शिवराज के मंत्री ने किया समर्थन

प्रदेश में 7 अगस्त को होने वाले अन्न उत्सव को लेकर सरकार में भी दुविधा की स्थिति दिख रही है।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) मध्य प्रदेश में 7 अगस्त को होने वाले अन्न उत्सव को लेकर सरकार में भी दुविधा की स्थिति दिख रही है। बाढ़ से जूझ रहे प्रदेश में अन्न उत्सव को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने सरकार पर सवाल उठाए हैं वहीं अब शिवराज सरकार के मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया भी आपदा के समय अन्न उत्सव के आयोजन के पक्ष में नहीं दिख रहे हैं।

शिवराज सरकार के मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने शुक्रवार को मीडिया से चर्चा में कहा कि प्रदेश में बाढ़ से काफी तबाही हुई है। इस परिस्थितियों को देखते हुए मैं चाहता हूं अन्न उत्सव कार्यक्रम का आयोजन न हो। अगर या कार्यक्रम होता भी है तो ग्वालियर चंबल इलाके में नहीं होना चाहिए। मंत्री सिसोदिया ने कहा किआखिरी फैसला कैबिनेट में होगा और इसे लेकर कैबिनेट में अपना पक्ष रखूंगा।

कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने मंत्री सिसोदिया के बयान को अन्न उत्सव पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की बात का समर्थन बताया है-

https://twitter.com/NarendraSaluja/status/1423609658355245072?s=20

इससे पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने अन्न उत्सव पर सवाल खड़े किए थे। उन्होंने कहा था कि ग्वालियर-चंबल संभाग सहित कई जिले भीषण बाढ़ की चपेट में हैं। कई लोगों की जान जा चुकी है, हजारों लोग अभी भी फंसे हुए हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कई सड़कें और मकान क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। फसलें बर्बाद हो गई हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि संकट की इस घड़ी में शिवराज सरकार सात अगस्त को अन्न उत्सव का भव्य आयोजन कर रही है। अभी आवश्यकता बाढ़ में फंसे हजारों लोगों के जीवन को बचाने की, राहत व बचाव कार्यों में तेजी लाने की, आधारभूत संरचनाओं के पुर्ननिर्माण की है।

गौरतलब है कि अन्न उत्सव की प्रदेश में बड़े पैमाने पर तैयारियां चल रही हैं। राशन की दुकानों को सजाया जा रहा है। अन्न उत्सव के लिए सरकार ने खास बैग भी तैयार किये हैं, जिसमें गरीब परिवारों को 10 किलो अनाज दिया जाना है। बैग पर पीएम मोदी और सीएम शिवराज सिंह चौहान की तस्वीरें चस्पा की गई हैं।

Back to top button