MP

कृषि मंत्री के क्षेत्र में किसानों के खाते सीज, बिजली बिल वसूली का तानाशाही तरीका ?

कृषि मंत्री कमल पटेल के क्षेत्र हरदा में 1400 से ज्यादा किसानों के खाते होल्ड, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने दी आंदोलन की चेतावनी।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) बिजली बिल वसूली के लिए किसानों के बैंक खाते सीज किये जा रहे हैं। खाते सीज होने के कारण किसानों के लिए बीज, खाद, कटाई, मजदूरी का भुगतान करना भी मुश्किल हो गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने किसानों के बैंक खाते सीज किये जाने का विरोध किया है और इसे बिजली बिल वसूली का तानाशाही तरीका बताया है।

प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल के क्षेत्र हरदा में किसानों से बिजली बिल वसूली के लिए किसानों के खाते सीज किये जाने की बात सामने आयी है। हरदा जिले में बिजली कंपनी ने किसानों के सरकारी बैंकों में 1400 से ज्यादा खाते होल्ड करा दिए हैं। हालांकि प्राइवेट बैंकों ने किसानों के खाते होल्ड करने से इंकार कर दिया है। बैंकों के मुताबिक बिजली कंपनी ने अपने पत्र के साथ एसडीएम का एक पत्र भी दिया है। जिसके आधार पर ही खाते होल्ड किए गए हैं।

इतना ही नहीं इन किसानों के खसरे के कॉलम नंबर 12 में भी ड्यू राशि की इंट्री की जा रही है। इसे लेकर कमलनाथ ने शिवराज सरकार पर सवाल उठाये हैं-

कमलनाथ ने ट्वीट किया –

शिवराज सरकार की कथनी करनी में फर्क

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने शिवराज सरकार की कथनी करनी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह वही शिवराज सिंह की सरकार है जो विपक्ष में कहते थे कि बिल ज्यादा आये तो मत भरो ,यदि कोई बिजली काट देगा मै खुद उसे जोड़ने आऊंगा ,बिजली बिलों की होली जलाते थे ,धरने-प्रदर्शन करते थे और आज इनकी सरकार में किसानों से अपराधियों की तरह दमनकारी व्यवहार कर रहे है।

आंदोलन की चेतावनी

कमलनाथ ने कहा कि मैं सरकार से मांग करता हूं कि वसूली के इस बेतुके व तानाशाही निर्णय को तत्काल वापस लिया जाए। किसानों को उनकी पूर्व की बकाया राहत व बीमा राशि का पहले भुगतान किया जाए ,उनके खाते होल्ड पर से हटाए जावे अन्यथा कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी ,इस मामले पर किसानों के साथ सड़क पर आंदोलन करेगी।

Back to top button