हेलिकॉप्टर हादसे में घायल भोपाल निवासी ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का भी निधन

भोपाल निवासी वरुण सिंह इस हादसे के एकमात्र सर्वाइवर थे। गंभीर अवस्था में उन्हें इलाज के लिए बेंगलुरु लाया गया था लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।

बेंगलुरु/ भोपाल (जोशहोश डेस्क) देश के पहले सीडीएस बिपिन रावत के साथ हैलीकॉप्टर हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए ग्रुप कैप्टन वरूण सिंह का भी निधन हो गया। भोपाल निवासी वरुण सिंह इस हादसे के एकमात्र सर्वाइवर थे। गंभीर अवस्था में उन्हें इलाज के लिए बेंगलुरु लाया गया था लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।

वरुण सिंह की कल रात से ही स्थिति नाजुक थी। हादसे के बाद ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह को गंभीर अवस्था में तमिलनाडु के वेलिंगटन के अस्पताल में भर्ती किया गया था। पिछले गुरुवार ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह को बेंगलुरु के कमांड अस्पताल में स्थानांतरित किया गया था।

ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का परिवार राजधानी के एयरपोर्ट रोड स्थित इनर कोर्ट कालोनी में रहता है। वरुण सिंह के गंभीर रूप से घायल होने की खबर मिलते ही उनके पिता कर्नल केपी सिंह एवं माता उमा सिंह कुन्नूर के लिए रवाना हो गए थे।

अब वरुण सिंह के निधन की खबर से कालोनी में सन्नाटा छा गया। वरुण सिंह सिंह का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया का रहने वाला है। उनके पिता सेवानिवृत होने के बाद भोपाल में रहने लगे थे।

गौरतलब है कि बीते 8 दिसंबर को जनरल बिपिन रावत समेत कई अधिकारियों को लेकर रक्षा सेवा स्टाफ कॉलेज, वेलिंगटन जा रहा वायुसेना का हेलीकॉप्टर हादसे का शिकार हो गया था। हेलीकॉप्टर में सीडीएस बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत के समेत कुल 14 लोग सवार थे। हादसे के बाद जनरल बिपिन रावत समेत 13 लोगों का निधन हो गया था और ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह ही जीवित बचे थे।

Exit mobile version