MP

नववर्ष पंचाग में सत्ता परिवर्तन की भविष्यवाणी, कमलनाथ के पक्ष में ग्रह-नक्षत्र

सियासत की सुर्ख़ियों में जबलपुर से प्रकाशित पंडित बाबूलाल चतुर्वेदी के भुवन विजय पंचाग की भविष्यवाणी

भोपाल (जोशहोश डेस्क) नववर्ष के साथ ही ग्रह नक्षत्रों की चाल से भविष्य को लेकर उत्सुकता बढ़ जाती है। व्यक्ति विशेष से देश-प्रदेश तक का भविष्य पंचांग के माध्यम से बताया जाने लगता है। जबलपुर से प्रकाशित पंडित बाबूलाल चतुर्वेदी के भुवन विजय पंचाग ने इस बार नए साल में मध्यप्रदेश को लेकर जो भविष्यवाणी की है वह सियासत की सुर्ख़ियों में है।

पंडित बाबूलाल चतुर्वेदी के भुवन विजय पंचाग के मुताबिक यह वर्ष मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के लिये बहुत उत्साहवर्धक नहीं है। साथ ही सरकार में बड़े परिवर्तन की भविष्यवाणी भी की गई है। पंचांग के मुताबिक़ कांग्रेस पार्टी पहले से अधिक सशक्त दिखाई देगी, जिसका असर चुनाव में दिखाई देगा। अगर इन सभी तथ्यों का राजनीतिक निष्कर्ष निकालें तो पंचांग प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का संकेत दे रहा है।

भुवन विजय पंचाग में प्रदेश को लेकर लिखा गया है कि वर्ष प्रारंभ से उत्तरार्ध तक का समय मुख्यमंत्री के लिये संकटकारी है सरकार में बड़े परिवर्तन के योग हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह जी ने चर लग्न में शपथ ली है तथा राज्येश चन्द्रमा छठे भाव में सूर्य के साथ होने के कारण उन्हें पूर्ण रुप से स्वतंत्र रूप से कार्य करने में कमी पैदा करता है, सरकार में आपसी सामंजस्य की कमी दिखाई देगी। सत्तारुढ़ पार्टी में आपसी मतभेद रहेगा। मंत्री मण्डल में परिवर्तन की संभावना है। विपक्ष सरकार के प्रति सतत चुनौतियां पैदा करता रहेगा। कांग्रेस पार्टी पहले से अधिक सशक्त दिखाई देगी, जिसका असर चुनाव में दिखाई देगा। केन्द्र के सहयोग से कुछ नयी जन कल्याणकारी योजनायें प्रदेश में शुरू होंगी, जिससे जनमानस को लाभ होगा, खनिज के क्षेत्र से राजस्व बढ़ाने में सफलता मिलेगी।

बड़ी बात यह है कि पंचांग में हिमाचल प्रदेश को लेकर जो भविष्यवाणी की गई थी वह सत्य साबित हुई है। पंचांग में लिखा गया था कि हिमाचल में होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा को नुक़सान होगा और कांग्रेस को पूर्व की अपेक्षा अधिक लाभ होगा। विधानसभा चुनाव के बाद आए नतीजों में भी कमोबेश कुछ ऐसा ही दिखाई दिया था और भाजपा को करारी शिकस्त देकर कांग्रेस ने सत्ता हासिल की थी।

अब अगर अब अगर हिमाचल की तर्ज़ पर मध्य प्रदेश में भी भुवन विजय पंचांग की भविष्यवाणी सही साबित होती है तो भारतीय जनता पार्टी को आगामी विधानसभा चुनाव में नुक़सान उठाना पड़ सकता। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस सत्ता हासिल कर सकती है। अब यह भविष्वाणी कितना सच सबित होती है यह तो नवम्बर दिसंबर में होने संभावित चुनाव के नतीजों से ही पता चलेगा।

हालांकि प्रदेश स्तर पर भाजपा की गुटबाज़ी और 17 साल के शिवराज सरकार कार्यकाल से उपजी एंटी इंकम्बेंसी को देखा जाय तो प्रदेश में भाजपा के लिए चुनौतियां आसान नहीं दिख रही हैं। दूसरी ओर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस एकजुट दिखाई दे रही है। ऐसे में फिलहाल तो समीकरण ठीक वैसे ही दिख रहे हैं जैसे गृह नक्षत्रों की चाल के आधार पर भुवन विजय पंचांग ने भविष्यवाणी की है।

Back to top button