MP में 3-1 से खिला कमल, राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के राज्य में चारों खाने चित BJP

विधानसभा उपचुनावों में हिमाचल प्रदेश को छोड़कर अन्य राज्यों में सत्तारूढ़ पार्टी का प्रभुत्व, तीन लोकसभा सीट में से एक पर ही जीत पाई भाजपा।

नई दिल्ली/ भोपाल (जोशहोश डेस्क) देश की तीन लोकसभा और 29 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के नतीजे सामने आ रहे हैं। मध्यप्रदेश में एक लोकसभा समेत चार सीटों में से तीन पर भाजपा जीत दर्ज करती नजर रही है। वहीं पार्टी के राष्टीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के गृह राज्य हिमाचल प्रदेश में सत्ता में होकर भी भाजपा को चारों सीट पर करारी हार मिली है।

विधानसभा उपचुनावों में हिमाचल प्रदेश को छोड़कर अन्य राज्यों में सत्तारूढ़ पार्टी का प्रभुत्व ही दिखाई दिया। तीन लोकसभा सीटों में भाजपा-कांग्रेस और शिवसेना को एक एक सीट पर जीत हासिल हुई। मध्यप्रदेश में खंडवा लोकसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार निणार्यक बढ़त की ओर हैं। वहीं प्रदेश की जोबट और पृथ्वीपुर विधानसभा में भाजपा ने जीत दर्ज की है। कांग्रेस को एकमात्र सफलता रैगांव विधानसभा सीट पर मिली।

अगर अंको के लिहाज से देखा जाए तो कांग्रेस को मध्यप्रदेश में एक सीट का नुकसान हुआ। खंडवा लोकसभा सीट पर भाजपा का कब्जा बरकरार दिख रहा है। वहीं तीन विधानसभा सीटों में से कांग्रेस के कब्जे वाली जोबट और पृथ्वीपुर में भाजपा ने जीत दर्ज की है। वहीं कांग्रेस ने रैगांव सीट भाजपा से छीन ली।

दूसरी ओर राजस्थान में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने दोनों विधानसभा सीटों धारियावद और वल्लभनगर में जीत दर्ज की। वहीं टीएमसी ने पश्चिम बंगाल की चारों सीटों दिनहाटा, शांतिपुर, खरदहा और गोसाबा में जबर्दस्त जीत हासिल की है। असम में पांच विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में सत्ताधारी एनडीए और सहयोगी दल को जीत मिली।

हरियाणा की ऐलनाबाद सीट पर इनेलो के अभय चौटाला ने जीत दर्ज़ की है। कर्नाटक की सिंदगी विधानसभा सीट पर BJP ने जीत दर्ज की है, जबकि हंगल सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार को जीत मिली है। हंगल सीट राज्य के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के गृहक्षेत्र में आती है। इसलिए इस सीट का नतीज़ा राज्य की राजनीति में अहम् माना जा रहा है।

सबसे बड़ा उलटफेर हिमाचल प्रदेश दिखाई दिया। यहां मंडी लोकसभा के साथ ही जुब्बल-कोटखाई, अर्की और फतेहपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने सत्ताधारी भाजपा को धूल चटा दी। मंडी लोकसभा सीट पर प्रतिभा सिंह ने BJP के रिटायर्ड ब्रिगेडियर खुशहाल सिंह को 8766 वोट से हराया है। इस सीट पर भाजपा का कब्जा था। विधानसभा चुनाव से पहले इन नतीजों ने भाजपा के लिए खतरे की घंटी बज़ा दी है।

Exit mobile version