भोपाल: कमलनाथ सरकार में भूमिपूजन, CM शिवराज करेंगे लोकार्पण

भोपाल के कोलार उपनगर को मिली बड़ी सौगात, कलियासोत नदी पर बने ब्रिज का लोकार्पण।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) भोपाल के कोलार उपनगर को बुधवार बड़ी सौगात मिलने जा रही है। कलियासोत नदी पर करीब छह करोड़ की लागत से बने ब्रिज का मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लोकार्पण करेंगे। ब्रिज पर यातायात प्रारंभ होने से करीब 50 कॉलोनियों के निवासियों को फायदा मिलेगा। ब्रिज का भूमिपूजन कमलनाथ सरकार के दौरान किया गया था।

कोलार के जेके हॉस्पिटल वाले क्षेत्र को बावड़िया कलां से जोड़ने वाले इस ब्रिज का निर्माण कार्य मार्च-2019 में प्रारंभ हुआ था। अब करीब 3 साल बाद ब्रिज बनकर तैयार है। इस ब्रिज से कोलार की मेन रोड पर यातायात का दबाव कम होगा साथ ही कोलार को शहर से जोड़ने का एक वैकल्पिक मार्ग भी उपलब्ध हो जाएगा। कोलार की 50 से ज्यादा कॉलोनी के रहवासियों को इसका सीधा फायदा होगा।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार शाम इस ब्रिज का लोकार्पण करने कोलार पहुँच रहे हैं। सीएम शिवराज इसके अलावा 162 करोड़ रुपए से बने सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट सनखेड़ी की शुरुआत भी करेंगे। इधर कलियासोत ब्रिज को लेकर सियासत भी शुरू हो गई है। कांग्रेस ने भाजपा पर ब्रिज का क्रेडिट लेने का आरोप लगाया है-

प्रदेश कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से लिखा गया-कमलनाथ सरकार ने कलियासोत नदी पर पुल बनाने के लिए नीति बनाई और बजट जारी कर तत्कालीन मंत्री पीसी शर्मा जी ने भूमिपूजन किया लेकिन शिवराज जी आज पुल का शिलान्यास कर उसका क्रेडिट खाना चाहते हैं। शिवराज जी, घोषणाओं के अलावा कुछ करिए।

गौरतलब है कि कमलनाथ सरकार के दौरान कोलार को एक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने की योजना के मुताबिक ब्रिज की रूपरेखा तैयार कर बजट जारी किया गया था। उस समय राजधानी परियोजना के मुताबिक ब्रिज की लागत करीब पांच करोड़ बताई थी। ब्रिज दो सालों में तैयार किया जाना था लेकिन कोरोना संकट के कारण ब्रिज का निर्माण कार्य प्रभावित हो गया। सात मार्च 2019 को ब्रिज के लिए तत्कालीन जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने भूमिपूजन किया था। भूमिपूजन के कार्यक्रम में स्थानीय भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा भी मौजूद थे।

Exit mobile version