पंचायत चुनाव: पहले चरण में कांग्रेस का दिखा दम, BJP में हड़कंप

मुख्यमंत्री के गृह ज़िले सीहोर और भोपाल समेत अन्य ज़िलों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को मिली सफलता से भाजपा संगठन में हड़कंप की स्थिति

भोपाल (जोशहोश डेस्क) पंचायत चुनाव का पहला चरण कांग्रेस के लिए उत्साहजनक रहा है। कांग्रेस ने पंचायत चुनावों में 75% सीटें जीतने का दावा किया है। वहीं भाजपा के लिए पहले चरण के नतीजों ने चिंता बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह ज़िले सीहोर और राजधानी भोपाल समेत अन्य ज़िलों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को मिली सफलता से भाजपा संगठन में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है। नतीजों की अधिकृत घोषणा 14 और 15 जुलाई को सामने आएंगे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह ज़िले सीहोर में पांच जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव में चार पर कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने क़ब्ज़ा जमाया है। वहीं भोपाल ज़िले में जिला पंचायत के10 में से नौ वार्डों के घोषित परिणामों में से पाँच पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों के जीतने की बात सामने आयी है। देवास में भाजपा के गढ़ कहे जाने वाले 10 में से 9 वार्डों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार विजयी रहे हैं। धार में भी दस में से नौ सीटों पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार जीत हासिल करने में क़ामयाब हुए हैं।

पहले चरण में है भाजपा के दिग्गज नेता भी अपने रिश्तेदारों को भी जनता ने नकार दिया। विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम के बेटे राहुल गौतम, मंत्री विजय शाह की बहन रानू शाह भाजपा विधायक पंचुलाल प्रजापति की पत्नी और गुना के भाजपा विधायक गोपीलाल जाटव के पोते को भी हार का सामना करना पड़ा है। निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा भी अपनी बेटी और बहू को चुनाव नहीं जिता पाए।

पहले चरण के सामने आ रहे संभावित नतीजों ने भाजपा संगठन को चिंता में डाल दिया है। पहले चरण में अपेक्षित नतीजे न मिलने का कारण भाजपा की गुटबाजी को बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि विधायक और मंत्रियों की पसंद के चक्कर में जनाधार वाले नेताओं की उपेक्षा करना पार्टी को पहले चरण में मंहगा पड़ गया है।

इधर पहले चरण के बाद ही भाजपा में हार को लेकर आरोप प्रत्यारोपों का दौर भी शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के ही गृहजिले सीहोर में भाजपा की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और नपाध्यक्ष अनीता जसपाल अरोड़ा ने सीहोर विधायक सुदेश राय को हार का जिम्मेदार बता दिया है।

Exit mobile version