भारत जोड़ो यात्रा में उपद्रव की आशंका, गोविंद सिंह की यात्रा पर हमला करने वाला भाजपाई एजेंट!

मध्यप्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस को उपद्रव की आशंका, समुचित सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग

भोपाल (जोशहोश डेस्क) राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के समर्थन में चल रही नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह की यात्रा पर हमला करने वाले युवक का भाजपा से कनेक्शन सामने आ रहा है। इसके बाद कांग्रेस ने आशंका जताई है कि मध्यप्रदेश में भाजपा भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उपद्रव करा सकती है। कन्याकुमारी से शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा महाराष्ट्र तक आ चुकी है और 21 नवंबर को इसके मध्यप्रदेश में प्रवेश करने की उम्मीद है।

नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह, पूर्व मंत्री अजय सिंह राहुल भैया, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव, विधायक जयवर्धन सिंह, युवक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने बुधवार को संयुक्त बयान जारी कर आरोप लगाया कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी बुरी तरह बौखला गई है। यात्रा से पहले ही यात्रा से संबंधित डॉक्टर गोविंद सिंह की यात्रा में जिस तरह से एक व्यक्ति कट्टा लेकर प्रवेश कर गया और गोली चलाई, उससे स्पष्ट होता है कि भाजपा सरकार जानबूझकर यात्रा को समुचित सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध नहीं करा रही।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह घटना ठीक उसी दिन हुई है जिस दिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने इंदौर में आधिकारिक रूप से श्री राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया और पूरे कार्यक्रम को सार्वजनिक किया। इसे सिर्फ संयोग नहीं माना जा सकता।

कांग्रेस के प्रदेश मीडिया अध्यक्ष केके मिश्रा ने यह भी आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह की यात्रा पर हमला करने वाला जीतू गुर्जर BJP का एजेंट है। केके मिश्रा ने जीतू गुर्जर के भाजपा नेता एंदल सिंह कसाना, रघुराज कसाना के साथ तस्वीरें भी शेयर की हैं।

कांग्रेस नेताओं ने आशंका व्यक्त की कि राहुल गांधी की यात्रा जब मध्यप्रदेश में प्रवेश करेगी तो भारतीय जनता पार्टी असामाजिक तत्वों के माध्यम से यात्रा में व्यवधान उत्पन्न कर सकती है। नेताओं ने कहा कि सत्ताधारी दल होने के नाते भाजपा की यह जिम्मेदारी है कि वह जिम्मेदारी से अपना काम करे और भाजपा सरकार राहुल गांधी की यात्रा को निर्विघ्न संपन्न होने दे।

कांग्रेस नेताओं ने मांग करते हुए कहा कि उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जिम्मेदारी है कि वह प्रदेश में कानून व्यवस्था स्थापित करे और किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में असामाजिक तत्वों का प्रवेश ना होने दे। लेकिन जिस तरह के बयान भाजपा सरकार के मंत्री दे रहे हैं उससे ऐसा लगता है कि वह कानून व्यवस्था बनाने के बजाय कानून व्यवस्था बिगाड़ने का इरादा रखते हैं।

भारत जोड़ो यात्रा को लेकर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी भारत के इतिहास की सबसे लंबी पदयात्रा निकाल रहे हैं और इससे पूरे देश में एक नया जोश है। मध्यप्रदेश में भी यात्रा 350 किलोमीटर से अधिक का सफर तय करेगी। इस दौरान राहुल गांधी बाबा महाकाल के दर्शन करेंगे और संविधान निर्माता बाबासाहेब आंबेडकर और आदिवासी समाज के महानायक टंट्या भील की जन्मस्थली पर भी जाएंगे। राहुल गांधी के इस तरह के सार्वजनिक कार्यक्रमों को देखते हुए मध्यप्रदेश सरकार को तुरंत एक बयान जारी करके यह स्पष्ट करना चाहिए कि राहुल गांधी की यात्रा को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।

नेताओं ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को पूरी तरह से सजग रहना चाहिए और अपनी तरफ से इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि भाजपा राहुल गांधी की यात्रा के दौरान कोई षड्यंत्र या शरारत ना कर सके। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मांग की कि वे अपने पद के दायित्व का ईमानदारी से निर्वहन करें और गांधी की यात्रा के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम करें।

Exit mobile version