MP

‘आपका कमलनाथ–आपके साथ’ से चुनाव प्रचार को धार देगी कांग्रेस

सिंगरौली से कल अभियान की शुरुआत करेंगे पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, रामलीला मैदान पर जनसभा को करेंगे संबोधित

भोपाल (जोशहोश डेस्क) प्रदेश में चल रहे निकाय चुनाव के लिए कांग्रेस ने अब जमीनी लड़ाई पर फोकस कर दिया है। अपने प्रचार अभियान को गति देने कांग्रेस अब ‘आपका कमलनाथ, आपके साथ’ अभियान लॉन्च करने जा रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ कल सिंगरौली से इस अभियान का आगाज करेंगे।

मुख्यमंत्री कमलनाथ 24 जून को सिंगरौली में रामलीला मैदान पर जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान कमलनाथ सिंगरौली ‘जन-जन के मन का शहर’ – ‘जन-जन के मन का सिंगरौली’ के सूत्र वाक्य के आधार पर सिंगरौली विकास के लिए नए अध्याय की शुरुवात करेंगे।

कांग्रेस निकाय चुनाव कमलनाथ के चेहरे पर ही लड़ रही है। टिकट के चयन से लेकर टिकट के वितरण में भी कमलनाथ की रणनीति से इस बार कांग्रेस निकाय चुनाव में भाजपा को चुनौती देती दिख रही है। साथ ही कांग्रेस का पूरा चुनाव अभियान भी कमलनाथ के कंधों पर नज़र आ रहा है।

यही नहीं कमलनाथ सभी निकायों में स्थानीय मुद्दों के आधार पर रणनीति बना चुनाव प्रचार में आगे बढ़ रहे हैं। बुधवार को नामांकन वापसी की समय सीमा खत्म होने के तत्काल बाद कमलनाथ ने भोपाल नगर निगम के महापौर और पार्षद प्रत्याशियों की बैठक बुला स्थिति की समीक्षा की थी और उम्मीदवारों को जीत का मन्त्र दिया था।

नगरीय निकाय के लिये बनाया कंट्रोल रूम

कांग्रेस ने निकाय चुनाव के लिए प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया है। प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री प्रशासन प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम में प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता जितेन्द्र मिश्रा, राजकुमार सिंह, संतोष परिहार, अवनीश बुंदेला और सिद्धार्थ राजावत को जिम्मेदारी सौंपी गई हैं।

Back to top button