भोपाल: कांग्रेस का हल्ला बोल, प्रदेश भर से जुटे कार्यकर्ता राजभवन कूच को तैयार

कांग्रेस भोपाल में राजभवन का करने जा रही घेराव, बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात

भोपाल (जोशहोश डेस्क) देश-प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, ध्वस्त कानून व्यवस्था और किसानों की बदहाली के मुद्दे पर कांग्रेस आज राजधानी भोपाल में राजभवन का घेराव करने जा रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के नेतृत्व में होने वाले इस हल्ला बोल में बड़ी संख्या कार्यकर्ताओं का आना शुरू हो गया है। जनसभा के बाद कार्यकर्ता राजभवन कूच करेंगे।

दूसरी ओर कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस के तैयारियों को देखकर यह अंदाज़ लगाया जा रहा है कि राजभवन कूच को लेकर पुलिस प्रशासन और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में टकराव की स्थिति बन सकती है।

प्रदर्शन के लिए कांग्रेस के विधायकों पूर्व विधानसभा और लोकसभा प्रत्याशियों को जिम्मेदारी दी गई है। महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल समेत तमाम प्रकोष्ठ और विभाग भी खासे सक्रिय हैं। प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महासचिव जेपी अग्रवाल सहित सभी कांग्रेसी मौजूद रहेंगे।

प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी राजीव सिंह और प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने बताया था कि 13 मार्च को दोपहर 12 बजे बड़ी संख्या में प्रदेश भर के सभी वरिष्ठ नेतागण, विधायकगण और कांग्रेसजन जवाहर चौक पर एकत्रित होकर पैदल मार्च करते हुए राजभवन के घेराव के लिए कूच करेंगे।

नेताद्वय ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा उद्योगपति गौतम अडानी के पक्ष में अपनायी गई क्रोनी कैपीटलिज्म की नीति से गहराये उत्पन्न आर्थिक संकट से गरीब और मध्यम वर्ग के करोड़ों भारतीयों की बचत जोखिम में तब्दील हो गई है। देश में बेहताशा बढ़ती हुई महंगाई, प्रदेश में व्याप्त बेरोजगारी, तनावग्रस्त किसान, अनुसूचित जाति-जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग और महिलाओं पर हो रहे निरंतर व उत्तरोत्तर अत्याचार, बलात्कार-सामूहिक बलात्कार और उसके बाद उनकी निर्मम हत्याओं, ध्वस्त कानून व्यवस्था, लूट, डकैती सहित भाजपा सरकार की गलत नीतियां के कारण आमजन परेशान है।

Exit mobile version