पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर कांग्रेस का प्रदर्शन, दिग्विजय सिंह समेत 30 पर केस

दिग्विजय सिंह, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष कैलाश मिश्रा समेत 30 कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर टीटी नगर थाने में केस दर्ज किया गया।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि और लगातार बढती मंहगाई के विरोध में कांग्रेस ने शुक्रवार को देशव्यापी प्रदर्शन किया। भोपाल में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में पेट्रोल पंप पर धरना दिया गया। जिसके बाद दिग्विजय सिंह समेेत 30 कांग्रेसियों पर केस दर्ज किया गया है।

देश के साथ मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस नेताओं ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रहे इजाफे का विरोध किया। राजधानी भोपाल में राज्ससभा सांसद दिग्विजय सिंह की अगुवाई में न्यू मार्केट स्थित नानके पेट्रोल पंप पर कांग्रेस ने धरना दिया।

इसके बाद दिग्विजय सिंह, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष कैलाश मिश्रा समेत 30 कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर टीटी नगर थाने में केस दर्ज किया गया। बताया जा रहा है कि कोरोना गाइडलाइन के उल्लंघन पर केस दर्ज किया गया है।

इससे पहले कांग्रेस के विधायक, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, छिंदवाडा, उज्जैन, रीवा,देवास समेत अन्य जिलों में विधानसभा वार प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और दाम कम करने की माँग की।

दूसरी ओर शुक्रवार को एक बार फिर पेट्रोल और डीजल के दामों में इजाफा हुआ। तेल कंपनियों ने शुक्रवार को पेट्रोल के दाम 29 पैसे प्रति लीटर और डीजल के दाम 28 पैसे प्रति लीटर बढ़ा दिए। भोपाल में अब पेट्रोल 104.01 रुपए और डीजल 95.35 रुपए प्रति लीटर हो गया।

Exit mobile version