National

प्रियंका गांधी जंतर-मंतर पहुंची, प्रदर्शन कर रहे रेसलर्स को दिया समर्थन

जंतर मंतर पर पहलवानों के धरने का शनिवार को सातवां दिन, प्रियंका गांधी ने महिला पहलवानों से अलग से की बात

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ जंतर मंतर पर पहलवानों के धरने का शनिवार (29 अप्रैल) को सातवां दिन है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी शनिवार सुबह जंतर-मंतर पहुंची। प्रियंका ने धरने पर बैठे रेसलर्स से मुलाकात की और उन्हें समर्थन दिया।

प्रियंका गांधी के साथ कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा भी जंतर मंतर पहुंचे। इस दौरान प्रियंका गांधी ने महिला पहलवानों से अलग से बात की-

प्रियंका ने पहलवानों के समर्थन में सोशल मीडिया पर भी आवाज उठाई थी। प्रियंका गांधी ने लिखा था कि

खिलाड़ी देश का मान होते हैं। देश उन पर गर्व क्यों करता है? क्योंकि तमाम मुश्किलों के बावजूद अथक मेहनत और बहुत कुछ सहकर जब वे पदक जीतते हैं, तो उनकी जीत में हमारी जीत होती है, देश मुस्कुरा उठता है। महिला खिलाड़ियों की जीत बाकियों से बड़ी होती है। वे देश की संसद के बगल की सड़क पर आँखों में आँसू लिए बैठी हैं। लंबे समय से चल रहे शोषण के खिलाफ उनकी शिकायत कोई सुन नहीं रहा। मजबूत बाजुओं मगर भोले दिल की इन लड़कियों ने यकीन किया जब इनसे सरकार ने कहा कि जाँच होगी। मगर जाँच नहीं हुई। सजा का प्रश्न ही नहीं उठा। क्या सरकार दोषियों को बचाना चाहती है। किसका दबाव है दिल्ली पुलिस पर? क्यों इसी पुलिस द्वारा विपक्ष के नेताओं पर भारत जोड़ो यात्रा में किसी लड़की का दर्द सुनने पर पूछताछ की जाती है, मगर देश का मान बढ़ाने वाली खिलाड़ियों की गुहार अनसुनी कर दी जाती है। एक पार्टी और उसके नेताओं का घमंड जब आसमान चढ़ जाता है तब ऐसे ही आवाजों को कुचला जाता है। आइये अपनी इन बहनों का साथ दें। यह देश के मान की बात है।

इससे पहले शुक्रवार को देर रात बृजभूषण के खिलाफ दिल्ली के कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन में दो FIR दर्ज की गई हैं। पहली FIR में दिल्ली पुलिस ने एक नाबालिग रेसलर से यौन शोषण के मामले में बृजभूषण पर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। वहीं, दूसरी FIR अन्य 6 महिला रेसलर्स के यौन शोषण के आरोप में दर्ज हुई है। 21 अप्रैल को एक नाबालिग समेत 7 महिला रेसलर्स ने बृजभूषण सिंह के खिलाफ यौन शोषण की शिकायत की थी। केस ना दर्ज होने पर रेसलर्स ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। शुक्रवार को सुनवाई के दौरान पुलिस ने WFI अध्यक्ष बृजभूषण सिंह के खिलाफ केस दर्ज करने की बात कही थी।

इस बीच पहलवानों ने साफ कर दिया है कि उनका धरना अभी खत्म नहीं होगा।शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में विनेश फोगाट ने कहा कि हमें सुप्रीम कोर्ट पर पूरा भरोसा है। बृजभूषण सिंह को सभी पदों से हटाया जाना चाहिए, वे अपने पद का दुरुपयोग कर सकते हैं। हमें किसी समिति या समिति के सदस्य पर भरोसा नहीं है। यह लड़ाई केवल FIR की नहीं है। लड़ाई बृजभूषण सिंह को सजा दिलाने की है। बृजभूषण सिंह को जेल होनी चाहिए।

वहीं विश्व चैम्पियनशिप पदक विजेता विनेश फोगट ने यह कहा था कि उन्हें यह देखकर पीड़ा हुई कि टॉप क्रिकेटर्स-अन्य खिलाड़ियों में सत्ता के ख़िलाफ़ खड़ा होने का साहस नहीं है। विनेश ने टॉप क्रिकेटर्स-अन्य खिलाड़ियों की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा है कि आप सब इतना डरे हुए हो? विनेश और बजरंग पुनिया ने खिलाड़ियों से उनके समर्थन में बोलने का अनुरोध किया था कि लेकिन हम नहीं जानते कि वे किससे डरते हैं। मैं समझता हूं कि वे चिंतित हो सकते हैं कि इससे उनके प्रायोजन और ब्रांड प्रचार सौदे प्रभावित हो सकते हैं। शायद इसीलिए वे विरोध करने वाले एथलीटों के साथ खुद को जोड़ने से डरते हैं। लेकिन यह पीड़ादायक है। इस अपील के बाद खेल और फिल्म जगत की कई हस्तियों ने धरने का समर्थन किया है।

Back to top button