MP

साइकिल पर दुल्हन के साथ CM शिवराज से मिलने निकला दूल्हा, जानिए क्यों ?

अब आम जनता भी केंद्र की मोदी और राज्य की शिवराज सरकार के खिलाफ मैदान में उतर आई है।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) रोजमर्रा की वस्तुओं और जीवनोपयोगी सामानों की कीमतों में रोजाना हो रही बेहताशा वृद्धि के विरोध में अब आम जनता भी केंद्र की मोदी और राज्य की शिवराज सरकार के खिलाफ मैदान में उतर आई है। राजधानी में सोमवार को एक अनोखा वाक्या देखने को मिला जब एक दूल्हा अपनी दुल्हन को साइकिल पर बैठा कर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलने के लिए निकल पड़ा। यह दूल्हा शादी में भेंट स्वरूप मिली साइकिल मुख्यमंत्री चौहान को देने जा रहा था। नव दंपति को यह साइकिल कांग्रेस के सचिव मनोज शुक्ला ने भेंट की थी।

यह विवाह भोपाल की नरेला विधानसभा के तहत आने वाले वार्ड क्र. 75 के पलासी वार्ड में हुआ। यहाँ रहने वाले श्यामलाल अहिरवार के बेटे अतुल की शादी सपना के साथ हुई है। श्यामलाल ने कांग्रेस के सचिव मनोज शुक्ला को विवाह में आमंत्रित करते हुए अपनी महंगाई के कारण आ रही परेशानी बताई थी। श्यामलाल ने कहा कि उनका भी सपना था कि उनका बेटा-बहु भी सुखमयी जीवन जियें लेकिन महंगाई के कारण कार तो दूर, दोपहिया वाहन देने का सपना भी टूट गया है।

इसके बाद मनोज शुक्ला ने महंगाई के विरोधस्वरूप मोदी ब्रांड साईकिल भेंट की। दूल्हा अतुल ने कहा वो अपनी इस साईकिल पर अपनी पत्नी को बैठाकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलने जा रहा है। उन्हें ये साईकिल भेंट करेगा ताकि उन्हें समझ मे आये कि भांजे-भांजियों को भगवान भरोसे छोड़कर कैसे वे और उनकी सरकार मोदी भक्ति में डूबी है।

दूल्हे अतुल का कहना है कि सरकारें जनता के वोट से बनती हैं लेकिन मुख्यमंत्री और स्थानीय विधायक सहित पूरे भाजपा नेता मोदी भक्ति में डूबे हैं। अगले चुनाव में जनता इन्हें सबक सिखाएगी।

वहीं कांग्रेस के सचिव मनोज शुक्ला ने इस मौके पर कहा कि महंगाई को आसमान पर पहुंचा कर मोदी सरकार ने जनता को दिन में तारे दिखा दिए हैं। यदि मोदी-शिवराज सरकार व उनके समर्थक नेताओं में थोड़ी सी भी शर्म बची है तो पेट्रोल-डीजल सहित खाद्य और रोजमर्रा के सामानों के दाम में तत्काल कमी करें।

इस अवसर पर नेपाल ठाकुर, रंजना शर्मा, कपिल व्यास, आनंद विश्वकर्मा, संजीव तिवारी, मयंक अग्रवाल, दीपक दीवान, प्रदीप चौरसिया, साबेज खान, रोहित अहिरवार हनी शर्मा आदि मौजूद थे।

Back to top button