MP

माफी नहीं काफी, विधायक रामेश्वर को BJP नेता ने ही सुनाई खरी खरी

पूर्व विधायक ध्रुव नारायण सिंह ने रामेश्वर शर्मा को याद दिलाया क्षत्रियों का योगदान।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) पूर्व प्रोटेम स्पीकर और विधायक रामेश्वर शर्मा जोधा अकबर को लेकर दिए अपने बयान पर घिरते नजर आ रहे हैं। बयान पर सार्वजनिक माफी मांगने के बाद भी मामला तूल पकड़ने लगा है। अब भाजपा में ही रामेश्वर शर्मा के बयान का विरोध हो रहा है। पूर्व विधायक ध्रुवनारायण सिंह ने रामेश्वर शर्मा को निशाने पर लिया है।

पूर्व विधायक ध्रुव नारायण सिंह ने भारतीय इतिहास और हिंदु धर्म के लिए क्षत्रियों का योगदान याद दिलाते हुए नसीहत दी है कि सार्वजनिक रूप से वक्तव्य देते समय सावधानी बरतना चाहिए। साथ ही चेताया भी है कि एक गलत बयान कहां से कहां पहुंचा सकता है।

ध्रुवनारायण सिंह ने अपने ट्वीट में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा समेत संगठन के अन्य शीर्ष पदाधिकारियों को भी टैग किया है।

उन्होंने लिखा- सार्वजनिक रूप से वक्तव्य देते समय बहोत सावधानी बरतना चाहिए। एक गलत बयान आपको कहाँ से कहाँ पहुंचा सकता है इसका अनुभव अत्यंत पीड़ा दायक हो सकता है। भारत के इतिहास में छत्रियों के बलिदान को भुलाया नहीं जा सकता। अगर आप जैसे असंख्यहिन्दू विधर्मी होनेसे बचे रहे इसके लिये छत्रियों ने सैकड़ों वर्षों तक कुर्बानियां दीं हैं। इस समाज में अधिकतर युवा जंग में ही जीवन दे देते थे। आज भी सीमा में बलिदान होने वालों की संख्या में छत्रियों की गिनती करेंगे तो आपकी आंखें खुल जाएंगी।।

गौरतलब है कि रामेश्वर शर्मा ने सागर में आयोजित एक कार्यक्रम में जोधा अकबर के विवाह को लेकर सवाल उठाते विवादित टिप्पणी की थी। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल भी है –

रामेश्वर शर्मा ने कहा था कि जोधाबाई का अकबर से किसने रिश्ता किया? कोई आई लव यू नहीं था। जोधाबाई और अकबर में क्या था? लव था? मोहब्बत थी? कॉलेज में साथ पढ़ते थे? कहीं मिले थे? कॉफी हाउस में? जिम में? जब लोग सत्ता के लोभी हो जाएं, और सत्ता को चाहने के लिए बेटी को दांव पर लगा दें। ऐसे लुटेरों से भी सावधान रहो। जो तुम्हारे हैं पर धर्म को धोखा दे सकते हैं।

रामेश्वर शर्मा का यह कहते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। रामेश्वर शर्मा के इस बयान को क्षत्रिय समाज का अपमान कहा जा रहा था। बढते विरोध को देखते हुए रामेश्वर शर्मा ने वीडियो और पत्र जारी कर क्षत्रिय समाज से माफी भी मांगी थी।

माफी के बाद भी जिस तरह ध्रुवनारायण सिंह ने ट्वीट किए हैं और इन ट्वीट में पार्टी के पदाधिकारियों को टैग किया है उससे यह लग रहा है कि रामेश्वर शर्मा की इस बयान पर माफी ही काफी नहीं होगी। यह मामला अब पार्टी फोरम पर भी उठेगा।

Back to top button