मध्यप्रदेश में पहली से आठवीं तक के स्कूल 15 अप्रैल तक रहेंगे बंद…

भोपाल(जोशहोश डेस्क)  मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण को देखते हुए छोटे बच्चों के स्कूल अभी नहीं खोले जाएंगे। पहली से लेकर 8वीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूल 15 अप्रैल तक बंद ही रहेंगे। वहीं 9वीं से लेकर 12वीं तक की क्लासेस पूर्व में जारी आदेश के अनुसार 1 अप्रैल से संचालित की जा सकेंगी।

बता दें कि इसमें पेरेंट्स की सहमति जरूरी होगी। प्रदेश में अभी 21 मार्च तक सभी शिक्षण संस्थान बंद किए गए थे। नया आदेश अपर सचिव स्कूल शिक्षा विभाग संजय गोयल ने मंगलवार को जारी कर दिए हैं। आदेश में कहा गया है कि 4 दिसंबर 2020 को हुई बैठक में कक्षा 1 से लेकर 8वीं तक की क्लास 31 मार्च तक बंद रखने का निर्णय लिया गया था। अब प्रदेश में फिर से कोरोना के प्रकोप को देखते हुए इन्हें 15 अप्रैल तक बंद रखा जाएगा। 9वीं और 12वीं की क्लासेस को पहले के आदेश के अनुसार ही लगाया जाएगा।

मध्यप्रदेश में कोरोना

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल समेत अन्य जिलों में कोरोना वायरस अपना कहर बरपा रहा है। प्रदेश के 52 जिलों में से सिर्फ निवाड़ी और श्योपुर में बीते 24 घंटों में एक भी नया केस नहीं आया है, लेकिन बाकी 50 जिलों में नए केस मिले हैं। जबकि निवाड़ी में 3 और श्योपुर में सक्रिय मरीजों की संख्या 30 है। एक्टिव केस के मामले में प्रदेश की राजधानी भोपाल नंबर पर एक पर है।
प्रदेश में सोमवार को सबसे ज्यादा दर से कोरोना के पॉजिटिव केस सामने आए। बीते चौबीस घंटों में 23 हजार 249 लोगों के सैंपल लिए गए, इनमें से 2323 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। पॉजिटिव दर 9.9% रही। यह इस साल सबसे ज्यादा है। इसी कारण अब एक्टिव केस की संख्या 15 हजार के पार 15 हजार 150 हो गई है। मौत का आंकड़ा भी 4 हजार के करीब पहुंच गया है।

बता दें, बीते 24 घंटे में भोपाल में 469 नए केस मिले। जबकि जबलपुर में 159 नए केस, ग्वालियर में 95 और रतलाम में नए केस 94 आए। इसके अलावा 15 जिलों में 20 अधिक नए केस आए हैं।

Exit mobile version