MP

मुख्यमंत्री को झूठा बोलने पर कांग्रेस प्रवक्ता पर FIR!

सिवनी (जोशहोश डेस्क) मध्यप्रदेश में रोजाना कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी हो रही है। प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं की खस्ताहाल हालत ने भी लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। वहीं सिवनी कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता राजिक अकील के ऊपर एक पोस्ट पर एफआईआर दर्ज हो गई है। जिसमें उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर मुख्यमंत्री पर झूठ बोलने का आरोप लगाया था।

राजिक अकील ने अपनी पोस्ट में लिखा था कि – ‘मध्यप्रदेश  के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का हर बात पर झूठ बोलना उनकी आदत में शामिल हो गया है किंतु ऐसी महामारी के समय इस वक्त झूठ बोलना कहां तक उचित है कि सिवनी में निर्मित ऑक्सीजन प्लांट प्रारम्भ हो चुका है और उससे ऑक्सीजन मिलना शुरू हो गई है।‘

राजिक अकील ने जोशहोश मीडिया को बताया कि – मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 14 अप्रैल को यह दावा किया था कि सिवनी में लगाए गए प्लांट से ऑक्सीजन मिलने लगी है। उसी पोस्ट पर उन्होंने टिप्पणी की थी। क्योंकि तब सिवनी को उस प्लांट से ऑक्सीजन नहीं मिल रही थी। सिवनी कलेक्टर के ऑफिशियल पेज से यह पोस्ट 15 अप्रैल को की गई थी कि ऑक्सीजन प्लांट ने काम करना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हनन है।

बता दें कि पूरा प्रदेश इस वक्त ऑक्सीजन की कमी से जूझ रहा है। सिवनी जिले में भी मरीजों को ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं हो पा रही थी। ऑक्सीजन की आपूर्ती करने के लिए सिवनी जिले में एकर कंसंट्रेटर यूनिट लगाया गया है।

जिला कांग्रेस कमेटी सिवनी के अध्यक्ष राजकुमार खुराना ने भी इसका विरोध किया है। उन्होंने पुलिस पर सत्ताधारी पार्टी के दबाव में विपक्षी पार्टी के नेता को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि यह कार्यवाही पूरी तरह से गलत है, राजिक अकील पर दर्ज किया गया मुकदमा वापिस लिया जाना चाहिए।

दूसरी और एफआईआऱ दर्ज कराने वाले अनुराग ठाकुर ने जोशहोश मीडिया को बताया कि – वर्तमान में लोगों में डर का माहौल है। ऐसे में अस्पताल के बारे में अफवाह फैलाने से ज्यादा स्थिति बिगड़ेगी। लोग ज्यादा डरेंगे और अस्पताल नहीं आना चाहेंगे। जिससे उनकी तबियत ज्यादा खराब हो सकती है। उनका कहना है कि मैं यह नहीं चाहता कि लोग सरकार पर सवाल न उठाएं। लेकिन अफवाह फैलाना गलत है।

Back to top button