MP में नया सियासी दल, पूर्व IAS वरदमूर्ति मिश्र ने बनाई वास्तविक भारत पार्टी

वरदमूर्ति मिश्र ने एक जून 2022 को शासकीय सेवा से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से ही अटकलें थीं कि वे नए राजनीतिक दल का गठन करेंगे।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) विधानसभा चुनाव से पहले मध्यप्रदेश से एक नए सियासी दल का उदय हुआ है। पूर्व आईएएस डॉ वरदमूर्ति मिश्र ने नया सियासी दल बनाया है। उन्होंने अपने राजनैतिक दल का नाम ‘वास्तविक भारत पार्टी’ रखा है।

वरदमूर्ति मिश्र ने एक जून 2022 को शासकीय सेवा से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से ही यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि वे अपनी वे या तो किसी राजनैतिक दल में शामिल होंगे या किसी नए राजनीतिक दल का गठन करेंगे।

बीते माह वरदमूर्ति मिश्र ने स्पष्ट कर दिया था कि वे अपना राजनीतिक दल खड़ा करेंगे और आगामी विधानसभा चुनाव में सभी 230 सीटों पर अपने राजनीतिक दल के प्रत्याशियों को उतारेंगे। इसके बाद से उनके राजनीतिक दल के नाम की घोषणा का इंतज़ार किया जा रहा था।

शासकीय सेवा से इस्तीफा देते समय पूर्व आईएएस वरदमूर्ति मिश्र ने कांग्रेस और भाजपा दोनों की सरकारों को जमकर कोसा था। उनका कहना था कि प्रदेश में इन दोनों पार्टियों की सरकारें रही हैं लेकिन आज भी प्रदेश में स्वास्थ्य, शिक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर, कृषि, रोजगार के मामले में बहुत पीछे है। मिश्रा ने आंकड़े प्रस्तुत करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पर आज 3.12 लाख करोड़ का कर्ज है जबकि सरकार का कुल बजट ही 2.90 लाख करोड़ है। इससे बड़ी सरकार की कोई नाकाम नहीं हो सकती।

यही नहीं उन्होंने ब्यूरोक्रेसी पर राजनीतिक दबाव को लेकर भी सवाल उठाये थे। उन्होंने कहा था कि ब्यूरोक्रेसी के पास कोई विशेष अधिकार, शक्तियां नहीं बची। सारी शक्तियां राजनीति में आ गई है। उन्होंने ये भी दावा किया था कि कई प्रशासनिक अधिकारी उनके साथ जुड़ने को तैयार हैं। देखना यह है कि पूर्व आईएएस वरदमूर्ति मिश्र की सियासी पारी का भविष्य क्या होता है?

Exit mobile version