MP

CM शिवराज के गृहजिले में सेंध, जसपाल अरोरा ने थामा कांग्रेस का हाथ

प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने जसपाल अरोरा को दिलाई कांग्रेस की सदस्यता

भोपाल (जोशहोश डेस्क) मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह जिले सीहोर में कांग्रेस ने बड़ी सेंध लगा दी है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष व पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जसपाल सिंह अरोरा ने मंगलवार को कांग्रेस का हाथ थाम लिया। प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने जसपाल अरोरा को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई।

इसके साथ ही जसपाल सिंह अरोरा की घर वापसी हो गई। अरोरा ने राजनीति की शुरुआत कांग्रेस के साथ ही की थी। कांग्रेस के टिकट पर सबसे पहले उन्होंने पार्षद का चुनाव लड़ा था, जिसके बाद वे नपाध्यक्ष बने। जसपाल सिंह अरोरा सीहोर जिला पंचायत के अध्यक्ष पद पर काबिज रह चुके हैं। जसपाल सिंह अरोरा की पत्नी अमिता अरोरा भी सीहोर नगर पालिका की अध्यक्ष रह चुकी हैं।

इस बार जसपाल सिंह अरोरा भी सीहोर विधानसभा सीट से प्रबल दावेदार थे, लेकिन बीजेपी ने यहाँ विधायक सुदेश राय को ही अपना प्रत्याशी बनाया है। इसके बाद जसपाल अरोरा ने भाजपा और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर उपेक्षा का आरोप लगाया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना दर्द भी बयां किया था।

अरोरा ने लिखा था- सीएम शिवराज सिंह मेरे को भाजपा में ले गए थे लेकिन न ही मेरे को विधायक का टिकट मिला और न ही समर्थकों को कोई पद मिला। मेरे समर्थकों को कार्यकारिणी में भी जगह नहीं मिली। न ही भाजपा ने उन्हें मंडल अध्यक्ष बनाया न ही बूथ की जिम्मेदारी दी। इससे आहत होकर मैं कांग्रेस में शामिल हो रहा है।

जसपाल सिंह अरोरा के कांग्रेस में आने से सीहोर जिले की तीन सीटों सीहोर, इछावर और आष्टा में भाजपा को खासे नुकसान की बात कही जा रही है। सीहोर जिले में भाजपा को अपनों के विरोध का जमकर सामना करना पड़ रहा है। आष्टा विधानसभा सीट पर दो बार के विधायक रघुनाथ मालवीय का टिकट काट गोपाल सिंह को प्रत्याशी बनाया है। जिसका पा​र्टी में ही विरोध है। गोपाल सिंह तीन बार विधानसभा चुनाव हार चुके हैं।

Back to top button