MP

ग्वालियर की गीता सिंह ने जीते एक करोड़, जानें किस सवाल ने बनाया करोड़पति

गीता सिंह गौर बनीं इस सीजन की तीसरी करोड़पति, 9 नवंबर को हॉट सीट पर पहुंची थीं गीता सिंह गौर।

ग्वालियर (जोशहोश डेस्क) ग्वालियर की गृहिणी गीता सिंह गौर ने टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति ’ में एक करोड़ रुपये जीते हैं। गीता सिंह गौर इस सीजन की तीसरी करोड़पति बनी हैं। गीता सिंह ने 7 करोड़ के सवाल पर खेल को क्विट कर दिया। 1 करोड़ के साथ साथ गीता सिंह को एक कार भी उपहारस्वरूप मिली। गीता सिंह गौर 9 नवंबर को हॉट सीट पर पहुंची थीं ।

54 वर्षीया गीता सिंह की महज 16 साल की उम्र में ही शादी हो गई थी। शादी के 13 साल बाद 30 साल की उम्र में उन्होंने एलएलबी पूरी की। ट्रिपल टेस्ट राउंड को सबसे पहले जीतकर गीता ने इस खेल की शुरुआत की।

एक करोड़ के लिए पूछा गया यह सवाल

गीता सिंह गौर से 1 करोड़ के लिए जो सवाल पूछा गया वो इस प्रकार था-

पी के गर्ग और होमी डी मोतीवाला किस खेल स्पर्धा के ऐसे दो एथलीट है जिन्हे राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया है ?’

इसके लिए गीता सिंह को चार विकल्प

  • गोल्फ,
  • पोलो,
  • नौकायन,
  • आइस हॉकी

मिले थे। बड़ी बात यह है कि दो लाइफ लाइन होते हुए भी गीता सिंह ने इस सवाल का पूरे आत्मविश्वास के साथ सही जवाब दिया। गीता ने इसके लिए ‘नौकायन’ का विकल्प चुना और करोड़पति बन गईं।

गीता सिंह ने बताया कि उनसे एक करोड़ रुपये के लिए जो प्रश्न पूछा गया उसका उत्तर वे जानती थीं। यही कारण रहा कि दो लाइफ लाइन होने के बाद भी उनका इस्तेमाल नहीं किया। हालांकि सात करोड़ के लिए मुग़ल काल से संबंधित पूछे गए सवाल का उत्तर न आने के कारण मुझे खेल छोड़ने का फैसला करना पड़ा।

शो के दौरान गीता सिंह गौर ने बताया कि उन्हें बाइक चलाने में बहुत मजा आता है। वो जीप भी चलाती हैं और खेती करने का आनंद लेती हैं।गीता सिंह ने कहा कि मैं पिछले 16-17 साल से केबीसी में आने की कोशिश कर रही हूं और अंततः मेरा सपना सच हो गया है। यह एक शानदार अनुभव था। मैं यहां कोई उम्मीद लेकर नहीं आई थी, लेकिन एक करोड़ रुपए जीतना मेरे लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

Back to top button