MP

कर्नाटक फतह का जश्न, कमलनाथ बोले-MP में ख़त्म होगी सौदेबाजी की राजनीति

भोपाल में कर्नाटक फतह पर कार्यकर्ताओं ने बांटी मिठाई , जय श्री राम और जय बजरंगबली के लगाए नारे

नई दिल्ली/भोपाल (जोश होश डेस्क) कर्नाटक में चुनाव नतीजों से राज्य की सियासी तस्वीर साफ हो चुकी है। जनता ने भाजपा को पटकनी देकर राज्य की सत्ता कांग्रेस के हाथ में दे दी है। हिमाचल के बाद कर्नाटक में कांग्रेस को मिली जीत से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस जीत से उत्साहित है और भोपाल में कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में जोरदार जश्न मनाया गया।

पीसीसी कार्यालय भोपाल में कर्नाटक फतह पर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई बांटी और आतिशबाजी कर जश्न मनाया। इस दौरान पीसीसी कार्यालय में जय श्री राम और जय बजरंगबली के उद्घोष भी सुनाई दिए। कांग्रेस की प्रदेश इकाई का मानना है कि कर्नाटक की जनता ने जिस तरह कांग्रेस को जनादेश दिया है, ठीक वैसा ही जनादेश मध्यप्रदेश में भी पार्टी को मिलेगा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने भी कर्नाटक के परिणामों को सच्चाई की जीत बताया है। कमलनाथ ने कहा है कि कर्नाटक की जीत ने दिखा दिया है कि जनता सच्चाई का साथ देती है। उन्होंने यह भी कहा कि हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में प्रचंड बहुमत से जीत के बाद तय है कि मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस पार्टी की सरकार बनेगी। सौदेबाजी की राजनीति समाप्त होगी।

वही कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजों की बात की जाये तो कांग्रेस यहाँ बड़ी जीत करती दिख रही है। अभी तक कांग्रेस 135 , भाजपा 65 और जेडीएस 20 सीटों पर आगे है। भाजपा ने यहाँ हार स्वीकार कर ली है। वहीं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने जीत के बाद कहा है कि कर्नाटक में नफरत का बाजार बंद हुआ है और मोहब्बत की दुकान खुली है।

दूसरी ओर कर्नाटक में भाजपा की हार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हार बताया जा रहा है। पीएम मोदी ने जिस तरह का तूफ़ानी प्रचार राज्य में किया था उसके बाद यह कहा जा रहा था कि राज्य की चुनावी लड़ाई पीएम मोदी वर्सेस कांग्रेस है। ऐसे में चुनाव नतीजे यह तय करेंगे कि पीएम मोदी का मैजिक राज्य की जनता पर चल गया या जनता ने कांग्रेस को समर्थन देकर पीएम मोदी को हरा दिया। अब चुनाव नतीजों से साफ़ है कि जनता ने प्रधानमंत्री मोदी के तूफानी प्रचार को नकार राज्य को कांग्रेस के हाथ में सौंपने का निर्णय ले लिया है।

Back to top button