राहुल गांधी के लिए कटवा दी 50 हज़ार की तैयार फ़सल, कहा-देश बचना जरूरी

भारत जोड़ो यात्रा के केम्प के लिए उपलब्ध कराना थी जमीन, हिमाला बाई ने खुशी-खुशी काट दी खेत की फसल

खरगोन (जोशहोश डेस्क) राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का मध्य प्रदेश में आज चौथा दिन है। यात्रा आज ओंकारेश्वर से इंदौर की ओर चल पड़ी है। यहाँ से यात्रा दोपहर में महू पहुँचेगी। जहाँ संविधान दिवस के मौके पर राहुल गांधी और कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बाबा साहब अंबेडकर के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इस बीच खरगोन में एक महिला ने भारत जोड़ो यात्रा के लिए अपनी तैयार फसल खुशी-खुशी कटवा दी।

भारत जोड़ो यात्रा के लिए खुशी-खुशी करीब 50 हजार रुपए की फसल कटवा देने वाली महिला खरगौन के मनिहार गांव की हिमाला बाई हैं। उन्होंने अपनी एक एकड़ ज़मीन पर कॉटन की फ़सल लगाई थी फसल भी लगभग तैयार हो गई थी लेकिन जब उन्होंने सुना कि भारत जोड़ो यात्रा गांव से गुज़र रही है और उन्हें ज़मीन चाहिए तो हिमाला बाई ने बिना किसी हिचकिचाहट के अपनी तैयार फ़सल कटवा जमीन भारत जोड़ो यात्रा के लिए उपलब्ध करा दी।

अपने इस निर्णय को लेकर हिमाला बाई ने कहा कि उन्हें इस बात का कोई अफसोस नहीं कि उन्होंने अपनी तैयार फसल यात्रा के कैंप को जमीन उपलब्ध कराने के लिए कटवा ली क्योंकि राहुल गांधी देश के वास्ते चल रहे हैं। हिमाला बाई ने कहा कि वे चाहती हैं कि राहुल गांधी की यात्रा सफल हो और उनकी सरकार बने।

हिमाला बाई का यह भी कहना है कि गांधी परिवार हमेशा ही गरीबों के लिए काम करता रहा है। हिमाला बाई ने मोदी सरकार को गरीब विरोधी भी बताया वहीं उनके साथ मौजूद अन्य महिलाएं भी महंगाई समेत अन्य मुद्दों पर मोदी सरकार से नाराज नजर आईं।

दूसरी ओर राहुल गांधी की यात्रा अब बड़वाह से महू के लिए रवाना हो गई। यात्रा दोपहर में बाबा साहब अंबेडकर की जन्मस्थली महू पहुँचेगी। जहाँ संविधान दिवस के मौके पर राहुल गांधी और कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बाबा साहब अंबेडकर के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद राहुल गांधी एक जनसभा को भी सम्बोधित करेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ समेत अन्य नेता भी इस मौके पर मौजूद रहेंगे।

इससे पहले शुक्रवार शाम राहुल गांधी ओंकारेश्वर पहुंचे और यहां वह नर्मदा आरती में शामिल हुए। राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी ने नर्मदा आरती की। राहुल गांधी ने मां नर्मदा को चुनरी भी चढ़ाई। दोनों भाई-बहन ने ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन भी किए। बॉक्सर विजेन्द्र सिंह भी यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी के साथ सेल्फी ली। दोनों मूंछों पर ताव देते भी नजर आए।

Exit mobile version