ओलंपिक: होशंगाबाद के हाॅकी स्टार विवेक ने दागा गोल, भारत अंतिम-8 में

भारतीय हाॅकी टीम में शामिल होशंगाबाद के विवेक सागर ने ओलंपिक चैंपियन अर्जेंटीना के खिलाफ गोल दागा।

टोक्यो (जोशहोश डेस्क) मध्यप्रदेश का जलवा गुरुवार को ओलंपिक में दिखाई दिया। भारतीय हाॅकी टीम में शामिल होशंगाबाद के विवेक सागर ने ओलंपिक चैंपियन अर्जेंटीना के खिलाफ गोल दागा। भारतीय टीम ने इस मुकाबले में धमाकेदार जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में भी जगह पक्की कर ली। विवेक सागर के प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी बधाई दी है।

भारतीय टीम ने ओलंपिक चैंपियन अर्जेंटीना को तीन के मुकाबले एक गोल से हराया। भारतीय टीम के लिए वरुण कुमार, विवेक सागर और हरमनप्रीत सिंह ने गोल दागे। जबकि अर्जेंटीना की तरफ से एक मात्र गोल माइक कैसेला ने किया।

खेल के 58 वे मिनट तक दोनों टीम से बराबरी पर थीं। इस समय विवेक सागर ने मैदानी गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद हरमनप्रीत ने गोल कर भारतीय टीम की जीत और क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर दी। भारत को अपना अंतिम लीग मुकाबला 30 जुलाई को जापान से खेलना है।

विवेक सागर के प्रदर्शन और भारतीय टीम की जीत पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी बधाई दी साथ ही क्वार्टर फाइनल मुकाबला जीतने की भी कामना भी की-

टोक्यो ओलिंपिक के लिए भारतीय हॉकी के लिए चयनित खिलाड़ी विवेक सागर इटारसी तहसील के छोटे से गांव चांदौन के रहने वाले हैं। विवेक ने हॉकी की शुरुआत इटारसी के हॉकी मैदान से की। विवेक की प्रतिभा को देखते हुए महान खिलाड़ी ध्यानचंद के पुत्र अशोक कुमार उन्हें भोपाल ले आये और हॉकी अकादमी में प्रशिक्षित किया।

विवेक हॉकी की ओलिंपिक टीम में चुने जाने से पहले कई बड़ी प्रतियोगिताओं में भारतीय टीम का हिस्सा रह चुके हैं। विवेक सागर इंडियन जूनियर हॉकी टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं। भारतीय टीम के मिडफील्डर विवेक सागर प्रसाद को अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने 2019 के लिए वर्ष का सर्वश्रेष्ठ उभरता हुआ खिलाड़ी भी चुना था।

Exit mobile version