MPPolitics

MP विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के लिए गुड न्यूज़, BJP को बड़ा नुकसान

नई दिल्ली/भोपाल (जोशहोश डेस्क) मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के लिए अच्छी खबर आई है। अभी तक विधानसभा चुनावों को लेकर आ रहे सर्वे और पोल्स में कांग्रेस की स्थिति मज़बूत बताई जा रही थी, लेकिन अब लोकसभा चुनाव को लेकर सामने आये सर्वे में भी कांग्रेस के प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार बताया गया है। यह सर्वे कांग्रेस के लिए उत्साहजनक माना जा रहा है।

देश में लोकसभा चुनाव को लेकर इंडिया टुडे सी-वोटर्स ने देशव्यापी सर्वे किया है। इस सर्वे के मुताबिक़ प्रदेश में कांग्रेस 6 लोकसभा सीट पर पर जीत दर्ज़ कर सकती है। जबकि बीते लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को केवल एक सीट पर जीत हासिल हुई थी। यह एक सीट छिंदवाड़ा की थी, जहाँ नकुल नाथ ने कांग्रेस को जीत दिलाई थी।

पांच सीटों का नुकसान

इस तरह मध्य प्रदेश में कांग्रेस के लिए तो अच्छी खबर है, लेकिन भाजपा के लिए पांच सीटों का नुकसान चौंकाने वाला है। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में भी भाजपा ने मध्यप्रदेश में बड़ी जीत हासिल की थी। तब छिंदवाड़ा और गुना को छोड़कर बाकी सभी 27 सीटें बीजेपी के खाते में गई थीं। वहीं 2019 के चुनाव में तो प्रदेश तो कांग्रेस की सरकार होने के बाद भी भाजपा ने 29 में से 28 सीटों पर जीत दर्ज़ की थी।

ये सर्वे कांग्रेस के लिए उत्साह बढ़ाने वाला है क्याेंकि 2024 लोकसभा चुनाव से पहले साल के आखिर में मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं। सियासी गलियारों में अभी तक विधानसभा चुनाव ने कांग्रेस को आगे बताया जा रहा है। ऐसे में इस सर्वे के मायने यही लगाए जा रहे हैं कि कांग्रेस प्रदेश में मज़बूत हो रही है वहीं भाजपा से जनता का मोहभंग होता दिख रहा है।

सर्वे के मुताबिक़ अगर आज देश में लोकसभा चुनाव होते हैं तो एनडीए को 306 सीटें, इंडिया गठबंधन को 197 सीटें और अन्य को 44 सीटें मिलने की संभावना है। सर्वे के अनुसार बीजेपी को 287 सीटें मिल सकती हैं, जबकि कांग्रेस के 74 सीटें जीतने की संभावना है। इसके अलावा 182 सीटें अन्य के खाते में जाती दिख रही हैं।

Back to top button