क्या ‘शिव-राज’ में RSS चीफ को तिरंगा भेंट करना अपराध है?

जब कांग्रेस कार्यकर्ता मोहन भागवत को तिरंगा भेंट करने निकले तो पुलिस ने उन्हें बलपूर्वकरोक लिया।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) हर-घर तिरंगा अभियान के बीच कांग्रेस द्वारा संघ प्रमुख मोहन भागवत को तिरंगा भेंट करने के ऐलान के बाद शनिवार को जहां पुलिस पीसीसी कार्यालय में घुस गई, वहीं कांग्रेस और पुलिस के बीच टकराव भी देखने को मिला। इस बीच कांग्रेस ने सवाल उठाया कि क्या संघ प्रमुख मोहन भागवत को तिरंगा भेंट करना शिवराज सरकार में अपराध है?

दरअसल संघ प्रमुख मोहन भागवत विश्व संघ शिक्षा वर्ग के समापन समारोह के लिए शनिवार को भोपाल में थे। भोपाल में भागवत की मौजूदगी के चलते प्रदेश कांग्रेस की मीडिया उपाध्यक्ष संगीता शर्मा ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को राष्ट्रध्यज भेंट करने का ऐलान किया था। इसके बाद सक्रिय पुलिस अचानक ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में घुस गई। वहीं जब कांग्रेस कार्यकर्ता मोहन भागवत को तिरंगा भेंट करने निकले तो पुलिस ने उन्हें बलपूर्वकरोक लिया।

इसके बाद कांग्रेस ने प्रदेश सरकार और पुलिस सवाल उठाया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि जब पूरा देश आजादी की हीरक जयंती मना रहा है तो क्या शिवराज सरकार में संघ प्रमुख मोहन भागवत को तिरंगा भेंट करना अपराध है?

कमलनाथ ने लिखा कि मध्यप्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को तिरंगा भेंट करने से रोक रही है। संगीता शर्मा और अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता आज संघ प्रमुख को तिरंगा भेंट कर रहे थे ताकि उनके अंदर भी राष्ट्रवाद की भावना जागृत हो सके लेकिन इस कदम का स्वागत करने के बजाए सुबह से ही मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय को पुलिस ने घेर लिया। पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का रास्ता रोक लिया और तिरंगा भेंट नहीं करने दिया। मैं मुख्यमंत्री से पूछना चाहता हूं कि आजाद भारत में क्या भाजपा की सरकार में राष्ट्रध्वज भेंट करना अपराध है?

इससे पहले सुबह ही मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय को पुलिस ने घेर लिया। यही नहीं मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा और मीडिया विभाग की उपाध्यक्ष सुश्री संगीता शर्मा के कक्ष में पुलिस के उच्च अधिकारी और पुलिसकर्मी आकर बैठ गए। पुलिस का कहना था कि आप राष्ट्रध्वज भेंट करने जा रहे हैं और हमें आपकी गिरफ्तारी का आदेश मिला है। दोनों नेताओं ने कहा कि हम तिरंगे के सम्मान के लिए तुरंत गिरफ्तार होने के लिए तैयार हैं, लेकिन किसी भी कीमत पर झूठे राष्ट्रवादियों को सच्चे राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाने से पीछे नहीं हटेंगे।

Exit mobile version