MP

मिशन 2023: कमलनाथ का ब्लूप्रिंट तैयार, बड़े बदलाव की तैयारी में कांग्रेस

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की प्रदेश ईकाई में व्यापक बदलाव की बनाई रूपरेखा

भोपाल (जोशहोश डेस्क) आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस में बड़ी सर्जरी की तैयारी हो चुकी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की प्रदेश ईकाई में व्यापक बदलाव की रूपरेखा बना ली है। इसके तहत आधे से ज्यादा जिलाध्यक्षों को हटाकर नतीजे देने में सक्षम कांग्रेसियों को जिलों की कमान सौंपी जाएगी। यह बदलाव इसी माह दिखाई दे सकता है।

निकाय चुनाव के बाद प्रदेश कांग्रेस संगठन में कसावट के लिए पार्टी में व्यापक बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। बताया जा रहा है कि सभी 52 जिलों के संगठन प्रभारी बदलने के बाद कांग्रेस अब जिलों के अध्यक्ष को बदलने की तैयारी कर चुकी है और कमलनाथ 25 से 30 प्रदेश अध्यक्षों को इसी माह बदल सकते हैं। निकाय चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन के आधार पर कमलनाथ इन जिलों में परिणाम देने वाले और मेहनती कार्यकर्ताओं को मौका देने का मन बना चुके हैं।

हाल ही में नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस को मिली सफलता से कार्यकर्ताओं के हौसले भी बुलंद हुए है। वहीं कई जिलों में संगठनात्मक कमजोरी भी सामने आई है। इसके बाद कमलनाथ ने प्रदेश में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर दोबारा सक्रिय करने के लिए नतीजे देने वाले कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है।

साथ ही जो विधायक अभी जिलाध्यक्ष की भूमिका में भी हैं उनके स्थान पर कांग्रेस अब पूर्णकालिक जिलाध्यक्ष नियुक्त करेगी। वहीं विधायकों में अपने क्षेत्र में सक्रिय होने को कहा जाएगा। साथ ही उन जिन विधायकों की रिपोर्ट अपने क्षेत्र में कमजोर बताई जा रही है उन पर संगठन का विशेष ध्यान रहेगा और उन्हें भी इसका इशारा कर दिया गया है।

विचारधारा सबसे महत्वपूर्ण

2018 विधानसभा चुनाव के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके साथ 22 विधायकों द्वारा कांग्रेस को छोडे जाने के बाद पार्टी अब फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। इसलिए कांग्रेस संगठन में अब उन कार्यकर्ताओं को भी बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी जिनकी निष्ठा किसी नेता के बजाए कांग्रेस की विचारधारा में है।

Back to top button