कमलनाथ की जिलाध्यक्षों को दो टूक- काम करो या इस्तीफा दो

डिजिटल मेंबरशिप अभियान को लेकर कांग्रेस की बैठक, प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने दिखाए तीखे तेवर।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने गुरुवार को डिजिटल मेंबरशिप अभियान को लेकर आयोजित बैठक में जिलाध्यक्षों को दो टूक चेतावनी दे डाली। कमलनाथ ने सीधे शब्दों में कहा कि जिलाध्यक्ष या तो काम करें या फिर इस्तीफा दें। कमलनाथ ने चेतावनी के साथ ही बेहतर प्रदर्शन पर जिलाध्यक्षों को सम्मानित करने की बात भी कही।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में गुरुवार को डिजिटल मेंबरशिप अभियान को लेकर बैठक बुलाई हुई। बैठक में कमलनाथ ने जिलाध्यक्षों को चेतावनी देते हुए कहा कि 25 फरवरी तक मंडलम-सेक्टर में नियुक्तियां करें अन्यथा 26 फरवरी को इस्तीफा दे दें। इस दौरान कमलनाथ ने यह ऐलान भी किया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी सर्वाधिक सदस्यता करने वाले जिलाध्यक्षों को सम्मानित भी करेगी। उन्होंने कहा कि बनाए सदस्यों की संख्या के आधार पर जिलाध्यक्षों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

बैठक में कमलनाथ ने फर्जी मेंबरशिप को लेकर भी तीखे तेवर दिखाए। उन्होंने कहा कि डिजिटिल मेंबरशिप से सदस्यता अभियान में फर्जीवाड़ा नहीं हो सकेगा। पहले फर्जी सदस्य भी बना दिए जाते थे लेकिन डिजिटिल मेंबरशिप से दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।

डिजिटल मेंबरशिप की बैठक में प्रदेश प्रभारी मुकुल वासनिक, आर सी खूंटियां, कांति शुक्ला, चक्रवर्ती शर्मा, तरुण त्यागी, राजेश लिटोरिया, संजय कपूर, सी पी मित्तल, सुधांशु त्रिपाठी, सुरेश पचौरी, कांतिलाल भूरिया, सज्जन सिंह वर्मा, एन पी प्रजापति सहित वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस मौके पर डिजिटल मेंबरशिप के राष्ट्रीय प्रभारी के राजू ने डिजिटल सदस्यता का प्रशिक्षण दिया।

दिग्विजय-अरुण यादव पर कही ये बात

बैठक में राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह और पूर्व पीसीसी चीफ अरुण यादव के शामिल न होने को लेकर चल रही ख़बरों पर भी कमलनाथ ने स्थिति साफ़ की। उन्होंने कहा कि निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा के यहाँ शादी समारोह में शामिल होने के कारण दिग्विजय सिंह औरअरुण यादव बैठक में शामिल नहीं हो सके।

Exit mobile version