MP

MP गौरवान्वित: कर्नल अजय शौर्य चक्र से सम्मानित, 10 आतंकी कर चुके ढेर

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने किया कर्नल अजय सिंह को शौर्यचक्र से सम्मानित। कश्मीर के अनंतनाग में दे रहे सेवाएं।

नई दिल्ली/ ग्वालियर (जोशहोश डेस्क) कश्मीर घाटी में दस आतंकियों को ढेर कर चुके ग्वालिर के सपूत कर्नल अजय सिंह कुशवाह मंगलवार को शौर्य चक्र से नवाजे गए। नई दिल्ली में आयोजित गरिमामयी कार्यक्रम में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कर्नल अजय सिंह को शौर्यचक्र से सम्मानित किया। मध्यप्रदेश में इस अवार्ड को हासिल करने वाले अजय सिंह संभवतः अकेले शख्सियत हैं।

अजय सिंह ग्वालियर के रचनानगर में रहते हैं और वर्तमान में राष्ट्रीय राइफल्स में पदस्थ हैं। वे अभी कश्मीर के अनंतनाग जिले में सेवाएं दे रहे हैं। अजय सिंह ने साल 2018 में श्रीनगर में छह और अगले साल अनंतनाग मे चार आतंकियों को मार गिराया था। उन्हें यह अवार्ड बीते साल 26 जनवरी को दिया जाना था लेकिन कोरोना के चलते कार्यक्रम का आयोजन नहीं हो सका था।

अजय सिंह की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बधाई दी है-

ग्वालियर के सेंट पॉल स्कूल से शिक्षा और एमएलबी कॉलेज से स्नातक करने वाले अजय सिंह महज 19 साल की उम्र में ही सेना में शामिल हो गए थे। तब से वे देश के अलग अलग स्थानों पर अपने फर्ज को अंजाम दे रहे हैं।

अजय सिंह के मुताबिक उन्हें सेना में पहुंचकर देश सेवा करने का अवसर उनके बड़े भाई विजय सिंह के प्रोत्साहन से मिला। विजय सिंह एक प्रतिष्ठित कंपनी में चाटर्ड अकाउंटेंट हैं। अजय सिंह के स्वर्गीय पिता शासकीय सेवा में थे और माता ग्रहणी हैं। अजय सिंह इस उपलब्धि को अपने पिता और बड़े भाई के सपने को पूरा होने जैसा मानते हैं।

अजय सिंह की पत्नी मीनाक्षी कुशवाह भी इस उपलब्धि पर फक्र महसूस कर रही हैं। अजय सिंह चाहते हैं कि उनके दोनों बेटे भी आगे चलकर सेना में शामिल होकर देश सेवा करें। अजय सिंह उन युवाओं को भी मागदर्शन देने को तैयार हैं जो सेना में शामिल होने का जज्बा रखते हैं।

Back to top button