MP में सबसे सफल होगी भारत जोड़ो यात्रा, कल शाम प्रियंका भी होंगी शामिल

भारत जोड़ो यात्रा के मध्यप्रदेश में प्रवेश की पूर्व संध्या पर कमलनाथ की मीडिया से चर्चा

बुरहानपुर (जोशहोश डेस्क) कन्याकुमारी से प्रारंभ राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा कल (23 नवंबर) सुबह बुरहानपुर जिले से मध्यप्रदेश में प्रवेश करेगी। यात्रा का सबसे सफल चरण मध्य प्रदेश में होगा और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी कल शाम यात्रा में शामिल होने बुरहानपुर पहुंचेंगी।

मध्यप्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा के प्रवेश की पूर्व संध्या पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने यह बात बुरहानपुर में मीडिया से चर्चा में कही। कमलनाथ ने बताया कि मध्य प्रदेश मे हर दिन की यात्रा एक थीम पर होगी जो समाज के विशेष वर्ग को समर्पित होगी।

यात्रा के स्वरूप को लेकर कमलनाथ ने कहा कि यह यात्रा एक राजनेता द्वारा समाज को जोड़ने के लिए निकाली जाने वाली यात्रा है। राहुल गांधी यह यात्रा भारत के संविधान, लोकतंत्र, भारत की संस्कृति और जनता की रक्षा करने के लिए निकाल रहे हैं, जिसे लेकर यात्रा को लेकर जनता में जबरदस्त उत्साह है।

कमलनाथ ने यात्रा की अलग अलग थीम को लेकर बताया कि यात्रा के एक-एक दिन को बलिदानी सम्मान यात्रा, अन्नदाता  सम्मान यात्रा, श्रम शक्ति सम्मान यात्रा, दिव्यांग सम्मान यात्रा, वरिष्ठ जन सम्मान यात्रा, प्रबुद्ध जन सम्मान यात्रा, व्यापार जगत सम्मान यात्रा, नारी सम्मान यात्रा, जय जवान यात्रा, खिलाड़ी सम्मान यात्रा  कला सम्मान यात्रा, सर्वधर्म सर्व समाज सम्मान यात्रा और कोरोना श्रद्धांजलि यात्रा के रूप में मनाया जाएगा। 

यात्रा को लेकर उत्साह पर कमलनाथ ने कहा कि मैंने अपने राजनीतिक जीवन में किसी कार्यक्रम में इतना उत्साह नहीं देखा जितना भारत जोड़ो यात्रा में देख रहा हूं। मैं तो राहुल जी को बधाई देना चाहता हूं कि उन्होंने 3570 किलोमीटर की तपस्या का कठिन मार्ग चुना है। मुझे पूरा विश्वास है कि भारत जोड़ो यात्रा मध्यप्रदेश में सर्वाधिक सफल रहेगी।

Exit mobile version