MP

जीत का संकल्प लें, MP में 11 महीने बाद कांग्रेस की सरकार बनना तय

नगरीय निकाय के महापौर, पार्षद और निकाय के प्रत्याशियों के सम्मेलन में बोले कमलनाथ

भोपाल (जोशहोश डेस्क) चुनाव में 11 महीने ही बचे हैं, इसलिए हम सभी जीत का संकल्प लें, मध्यप्रदेश में 2023 में कांग्रेस की सरकार बनना तय है। हमारे सभी महापौर नगर निकाय अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षदों की जिम्मेदारी है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में पूरी मेहनत से काम करें और जनता की सेवा करें।

यह बात मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बुधवार को नगर निकाय चुनाव 2022 में कांग्रेस के प्रत्याशी और चयनित पार्षद, चेयरमैन और महापौर के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।

कमलनाथ ने प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सब एक अग्नि परीक्षा से गुजर कर यहां आए हैं। ये चुनाव 2023 के चुनाव के लिए एक रिहर्सल थी। अब आप सभी तैयार हो जाओ। इस निकाय चुनाव में पुलिस, प्रशासन और पैसा के दम पर बीजेपी ने नंगा नाच किया। हमारा उज्जैन और बुरहानपुर भाजपा द्वारा लूटा गया।

कमलनाथ ने कहा कि कई प्रत्याशी जिनको मैं जानता तक नहीं था, उन्हें चुनाव में टिकिट दी गई। मैं कार्यकर्ताओं के साथ न्याय करता हूं। उन्होंने कहा कि यह सही है कि गुटबाजी थी, किस परिवार में नहीं होती है। हर कोई हर किसी की बात से सहमत नहीं हो सकता है। अब हाथ जोड़ने और सिर झुकाने, पांव पड़ने का समय है। चुनाव में 11 महीने ही बचे हैं इसलिए जीत का संकल्प लें।

सम्मलेन में पूर्व सांसद और कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी जेपी अग्रवाल ने प्रधानमंत्री मोदी को खुली चुनौती दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी, राहुल गांधी की तरह 4 हजार किलोमीटर की यात्रा करके दिखाएं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की रगों में आजादी के परवानों का खून है, वह कमजोर नहीं है। राहुल गांधी लोहे का चना है, उन्हे मुंह में लेने की कोशिश मत करना।

सम्मलेन को मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह ने भी सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर 2023 में कांग्रेस की सरकार बनाने के अभियान में जुट जाएं। कार्यक्रम को पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, जयवर्धन सिंह और कांग्रेस के नवनिर्वाचित मेयर शोभा सिकरवार, विक्रम आहके, जगत बहादुर सिंह, शारदा सोलंकी, अजय मिश्रा बाबा सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी संबोधित किया।

Back to top button