अबकी बार-पहली बार, चुनाव से 6 महीने पूर्व ही सत्ताधारी पार्टी ने स्वीकारी हार

भाजपा नेताओं के कमेंट्स पर कमलनाथ ने किया तीखा पलटवार

भोपाल (जोशहोश डेस्क) प्रदेश में साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सियासी माहौल गर्माता जा रहा है। कर्नाटक में प्रचंड जीत के बाद कांगेस के हौसले बुलंद हैं वहीं सत्ताधारी भाजपा के खेमे में बौखलाहट दिखाई दे रही है। भाजपा के वरिष्ठ नेता भी भाषाई मर्यादा खोते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ पर अशालीन टिप्पणियां कर रहे हैं।

भाजपा नेताओं के कमेंट्स पर अब कमलनाथ ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने दो टूक कहा कि मध्यप्रदेश के इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है जब सत्ताधारी पार्टी ने चुनाव से 6 महीने पहले ही हार स्वीकार कर ली हो। मुख्यमंत्री सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता जनता के मुद्दों से पूरी तरह कट चुके हैं और कांग्रेस की जनहितैषी घोषणाओं से अपना संतुलन खो बैठे हैं।

कमलनाथ ने आगे कहा कि वे सब मिलकर सुबह शाम मुझे कोसने में लगे हैं लेकिन मध्यप्रदेश की सम्मानित जनता देख रही है कि भाजपा के नेता मुझे नहीं, मध्यप्रदेश के नव निर्माण के लिए की गई कमलनाथ की घोषणाओं को कोस रहे हैं।

कांग्रेस की घोषणाओं को लेकर कमलनाथ ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के लोग महिलाओं के सम्मान में मिलने वाले ₹1500 को कोस रहे हैं। मध्यप्रदेश में मिलने वाले ₹500 के गैस सिलेंडर को कोस रहे हैं। मध्यप्रदेश की जनता को मिलने वाली 100 यूनिट मुफ्त बिजली को कोस रहे हैं। मध्य प्रदेश की जनता को मिलने वाली 200 यूनिट बिजली के बिल को कोस रहे हैं। सरकारी कर्मचारियों को मिलने वाली पुरानी पेंशन को कोस रहे हैं। किसानों के माफ होने वाले कर्ज को कोस रहे हैं। भाजपा के लोग मध्य प्रदेश की 8.5 करोड़ से अधिक जनता के सुनहरे भविष्य को कोसने में लगे हैं। लेकिन याद रखिए कमलनाथ ने 44 साल मध्यप्रदेश की सेवा में बिताए हैं। इस सेवा के मार्ग में चाहे गालियां मिलें, चाहे पत्थर मिलें, चाहे अपशब्द मिलें, मैं सब स्वीकार कर लूंगा, लेकिन मध्यप्रदेश के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने दूंगा।

गौरतलब है कि हाल में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कमलनाथ के साथ दिग्विजय सिंह पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि कांग्रेस के 2 जासूस बोलूं या बुढऊ बोलूं जो 75-75 साल की उम्र में घूम रहे हैं, उनकी चाल ही देख लो। .. कमलनाथ जी-शिवराज जी के चलने के video देख कर स्पीड से पता लग जाएगा BJP कितनी तेज है।

Exit mobile version