सिंगरौली को सिंगापुर बना रहे थे, क्या हुआ उस वादे का बताएं शिवराज?

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने सिंगरौली में किया ‘आपका कमलनाथ, आपके साथ’ अभियान का आगाज किया। सीएम शिवराज पूछे तीखे सवाल।

सिंगरौली (जोशहोश डेस्क) मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अब तक 20 हजार से अधिक झूठी घोषणाएं कर चुके हैं। सिंगरौली को भी उन्होंने झूठी घोषणाओं के सिवाय कुछ नहीं दिया है। शिवराज सिंह चौहान जी ने सिंगरौली को सिंगापुर बनाने का वादा किया था, उसका क्या हुआ? चुनाव प्रचार के लिए सिंगरौली पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने यह सवाल उठाते हुए दोहराया कि प्रदेश में 16 महीने बाद फिर कांग्रेस की सरकार बनेगी।

शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ सिंगरौली पहुंचे और नगर निगम चुनाव में कांग्रेस पार्टी की ओर से ‘आपका कमलनाथ, आपके साथ’ अभियान का आगाज किया। इस मौके पर आयोजित रैली में उन्होंने कहा कि आज सिंगरौली आकर मैं बहुत खुश हुआ, लेकिन सिंगरौली की दुर्गति देखकर मुझे बहुत दुख हुआ। शिवराज सिंह चौहान जी ने स्मार्ट सिटी और सिंगरौली को सिंगापुर बनाने का वादा किया था, उसका क्या हुआ? भाजपा सरकार में सिंगरौली के साथ निरंतर अन्याय हुआ है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर बड़ा हमला करते हुए कमलनाथ ने कहा कि शिवराज जी अब तक 20 हजार से अधिक झूठी घोषणाएं कर चुके हैं। सिंगरौली को भी उन्होंने झूठी घोषणाओं के सिवाय कुछ नहीं दिया है। मेरी सरकार 15 महीने रही और उससे पहले 15 साल भाजपा की सरकार रही। मैं शिवराज सिंह चौहान जी को चुनौती देता हूं कि वे यहां आकर अपने पूरे कार्यकाल का हिसाब बताएं कि उन्होंने सिंगरौली के लिए इतनी झूठी घोषणाएं क्यों कीं?

कमलनाथ ने कहा कि यह चुनाव देश के भविष्य का फैसला नहीं करेगा, प्रदेश के भविष्य का फैसला नहीं करेगा, बल्कि सिंगरौली के भविष्य का फैसला करेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि जनता निर्भय होकर वोट डाले, 16 महीने बाद प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने वाली है।

अपने छोटे कार्यकाल का हवाला देते हुए कमलनाथ ने कहा कि में मैंने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया। 100 रू. में 100 यूनिट बिजली दी, पेंशन बढ़ाई, आदिवासी हित का काम किया, यह सब काम करना क्या उनका गुनाह था? उन्होंने कहा कि सिंगरौली की जनता ये सब बातें ध्यान में रखेगी और चुनाव में सच का साथ देगी। सिंगरौली नगर निगम में कांग्रेस का झंडा फहराएगा।

प्रदेश के हालातों पर कमलनाथ ने कहा कि शिवराज जी कहते हैं कि मैं किसान का बेटा हूं। मैं उनसे पूछना चाहता हूं तो फिर प्रदेश क्यों किसान आत्महत्या में नंबर वन है? बेरोजगारी में नंबर वन है? महिला अत्याचार में नंबर वन है? आदिवासी और दलित अत्याचार में नंबर वन है। पूरे देश और प्रदेश में महंगाई अपने चरम पर है। आज पेट्रोल और डीजल 100 रू. के पास पहुंच रहा है। जब पेट्रोल 55 रू. लीटर था, तब शिवराज सिंह चौहान जी ने साइकिल निकाल ली थी। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि आज 100 रू. डीजल और पेट्रोल के समय आपकी वह साइकिल कहां है।

Exit mobile version