राज्यसभा में दिग्विजय सिंह ने क्या कहा जो सिंधिया जोड़ने लगे हाथ ?

बजट सत्र के दौरान धन्यवाद प्रस्ताव पर चल रही चर्चा में मध्यप्रदेश के दो बड़े नेता दिग्विजय सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया सुर्खियों में रहे।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) बजट सत्र के दौरान धन्यवाद प्रस्ताव पर चल रही चर्चा में मध्यप्रदेश के दो बड़े नेता दिग्विजय सिंह (digvijaya singh) और ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya M. Scindia) सुर्खियों में रहे। दिग्विजय ने अपने संबोधन में ऐसा कुछ कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया हाथ जोड़ते नजर आए।

दरअसल धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान भाजपा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया मोदी सरकार की जमकर तारीफ करते नजर आए। इसके बाद जैसे ही सभापति वेंकैया नायडू ने अगले वक्ता के रूप में दिग्विजय सिंह का नाम लिया सदन में ठहाके गूँज उठे।

इस पर सभापति ने स्वयं पक्ष रखते हुए कहा कि मैंने कुछ नहीं किया जैसे नाम लिस्ट में थे वैसे ही चल रहा है।

इसके बाद दिग्विजय सिंह ने संबोधन से पहले सिंधिया की तारीफ की। उन्होंने कहा कि सभापति जी मैं आपके माध्यम से ज्योतिरादित्य सिंधिया जी को बधाई देता हूं। वे जितनी मजबूती से यूपीए सरकार का पक्ष रखते थे, वैसे ही इस सरकार का पक्ष रख रहे हैं। वाह महाराज जी वाह।आशीर्वाद।

इस पर सिंधिया ने मुस्कुराते हुए हाथ जोड़कर दिग्जिवजय सिंह का अभिवादन किया और कहा आपका ही आशीर्वाद है।

सिंधिया की बात का जवाब देते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा- आप किसी भी पार्टी में रहें आगे जो भी हो हमारा आशीर्वाद आपके साथ था, आपके साथ है और हमेशा रहेगा इस पर पूरा सदन एक बार फिर ठहाको से गूँज उठा।

गौरतलब है कि मध्यप्रदेश की सियासत में दिग्विजय सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया धुर विरोधी माने जाते रहे। कांग्रेस का साथ छोड़ने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उपचुनावी सभाओं में दिग्विजय सिंह पर सीधे हमले भी किए थे। दिग्विजय भी सिंधिया पर पलटवार करते नज़र आये थे। सूबे में सत्ता परिवर्तन के बाद दिग्विजय कांग्रेस से और सिंधिया भाजपा से राज्यसभा पहुंचे हैं।

Exit mobile version