NationalPolitics

पंजाब में मोबाइल टावरों के बचाव में उतरे पीएम मोदी

मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कहा है कि वह राज्य में किसी भी कीमत पर अराजकता की स्थिति पैदा नहीं होने देंगे।

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) तीन नए कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसान अब पंजाब के गांवों में जियो मोबाइल टावरों को नुकसान पहुंचाने लगे हैं। पिछले दिनों करीब 1500 टावरों को नुकसान पहुंचाया गया है। वहीं प्रधानमंत्री ने बुधवार को एक सरकारी कार्यक्रम में बिना किसी का नाम लिए कहा कि आम लोगों की जरूरतों के लिए खड़ी की गई सुविधाओं को नुकसान पहुंचाना गलत है और यह संपत्ति, जन संपत्ति के दायरे में आती हैं।

किसान इस बात से नाराज है कि तीनों कानूनों से किसान से ज्यादा लाभ अडानी और अंबानी को मिलने वाला है। इसी के चलते किसानों ने पंजाब और हरियाणा में जिओ मोबाइल कंपनी के टावर को हटाना चालू कर दिया था। इससे लोगों की रोजाना जरूरतों से लेकर कारोबार तक प्रभावित हो रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि – हम देखते हैं कि किसी भी आंदोलन में जन संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जाता है। यह संपत्ति किसी नेता, पार्टी या फिर सरकार की नहीं होती है। यह संपत्ति देश के गरीबों, करदाताओं, मध्यमवर्गीय लोगों और देश की होती है। इन्हें नुकसान पहुंचाने का मतलब है कि देश को नुकसान पहुंचाया जा रहा है और देश के गरीबों, करदाताओं को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।

1500 से अधिक टावरों को नुकसान

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने सोमवार को कहा कि आंदोलन के दौरान राज्य में 1,561 मोबाइल टावरों को नुकसान हुआ है। राज्य के 22 जिलों में कुल 21,306 मोबाइल टावर हैं। इनमें से जियो कंपनी ने 700 टावरों की मरम्मत कर दी है। जानकारी के अनुसार अमृतसर, लुधियाना, चंडीगढ़ आदि जगहों पर टावरों को नुकसान पहुंचाया गया है।

मुख्यमंत्री ने दिए सख्त कार्यवाही के निर्देश

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सोमवार को पुलिस को मोबाइल टावरों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि वह राज्य में किसी भी कीमत पर अराजकता की स्थिति पैदा नहीं होने देंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इस बारे में कई बार अपील की , लेकिन इसे नजरअंदाज किया गया। इस वजह से अपना रुख सख्त करना पड़ रहा है।  

Back to top button