मध्यप्रदेश के नाम भारतीय क्रिकेट इतिहास की सबसे शर्मनाक हार

होल्कर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में झारखंड ने मध्य प्रदेश को 324 रन से हरा दिया। यह भारतीय घरेलू वनडे में किसी भी टीम की सबसे बड़ी हार है।

इंदौर (जोशहोश डेस्क) विजय हजारे ट्रॉफी में शनिवार को मध्य प्रदेश के नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज़ हो गया। होल्कर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में झारखंड ने मध्य प्रदेश को 324 रन से हरा दिया। यह भारतीय घरेलू वनडे में किसी भी टीम की सबसे बड़ी जीत है। वहीं, दुनिया में लिस्ट ए क्रिकेट में यह दूसरी सबसे बड़ी जीत है।

कप्तान इशान किशन के तूफानी शतक की बदौलत झारखंड ने 50 ओवर में नौ विकेट खोकर 422 रन बनाए। इशान ने 94 गेंदों पर 19 चौके और 11 छक्के की मदद से 173 रन की पारी खेली। जवाब में मध्य प्रदेश 18.4 ओवर में 98 रन पर ही सिमट गई। वरुण एरोन ने 37 रन देकर 6 विकेट लिए।

वर्ल्ड रिकॉर्ड 346 रन से जीत का

लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड इंग्लैंड की काउंटी टीम समरसेट के नाम है। समरसेट ने 1990 में डेवोन की टीम को 346 रन से हराया था। वहीं, भारतीय घरेलू वनडे में सबसे बड़ी जीत का पिछला रिकॉर्ड बिहार के नाम था। बिहार ने 2018-19 में विजय हजारे ट्रॉफी में ही सिक्किम को 292 रन से हराया था।

झारखंड ने बनाया सबसे बड़े स्कोर का घरेलू रिकॉर्ड

झारखंड ने लिस्ट-ए क्रिकेट में देश की घरेलू टीम का सबसे बड़ा स्कोर बनाया। पहले यह रिकॉर्ड मध्य प्रदेश के नाम था। MP ने 2010 में रेलवे के खिलाफ 412/6 का स्कोर बनाया था। दुनिया में सबसे बड़े टीम टोटल का रिकॉर्ड इंग्लैंड की काउंटी टीम सरे के नाम है। सरे ने 2007 में ग्लूस्टरशायर के खिलाफ 496/4 का स्कोर बनाया था।

प्रदेश के दिग्गज स्टार फेल

मध्यप्रदेशकी टीम में रजत पाटीदार, व्यंकटेश अय्यर और ईश्वर पांडे जैसे दिग्गज सितारे मौजूद थे। ईश्वर पांडे मध्यप्रदेश रणजी टीम के कप्तान रह चुके हैं और भारतीय क्रिकेट टीम में भी चुने जा चुके हैं। वहीं रजत पाटीदार को हाल ही में आईपीएल की नीलामी में विराट कोहली की आरसीबी ने खरीदा है। व्यंकटेश पर कोलकाता ने दांव लगाया । इन सितारों के बाद भी मध्यप्रदेश को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा।

Exit mobile version