Health

अच्छी खबर : आधे से ज्यादा राज्यों में पिछले 24 घंटों में कोरोना से नहीं हुई एक भी मौत

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) कोरोनावायरस को लेकर एक राहत की खबर आई है। देश के 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के कारण एक भी मौत दर्ज नहीं हुई है। हालांकि इस अवधि में कोरोना के कारण 108 मौतें हुईं हैं, लेकिन यह त्रासदी कुछ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों तक ही सीमित रही।

गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि पिछले 24 घंटों में तेलंगाना, गुजरात, असम, हरियाणा, ओडिशा, उत्तराखंड, मेघालय, नगालैंड, लक्षद्वीप, लद्दाख, सिक्किम, मणिपुर, मिजोरम, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश और दमन और दीव में कोविड-19 से एक भी मौत दर्ज नहीं हुई है।

देश में 12,923 नए मामले और 108 मौतें दर्ज होने के बाद मामलों की कुल संख्या 1,08,71,294 तक पहुंच गई है, जबकि मरने वालों का आंकड़ा 1,55,360 हो गया है। इस दौरान देश में 11,764 मरीज ठीक भी हुए। देश में अभी कोविड के 1,42,562 सक्रिय मामले हैं, जो कि अब तक दर्ज हुए कुल पॉजिटिव मामलों का 1.31 प्रतिशत है।

मंत्रालय ने कहा है, “प्रति 10 लाख की आबादी पर भारत में सक्रिय मामलों (104) की संख्या दुनिया में सबसे कम हैं।”

देश में अब रिकवरी दर 97.26 प्रतिशत है, जो कि दुनिया में सबसे अधिक है। अब तक कुल 1,05,73,372 लोग बीमारी से उबर चुके हैं। मंत्रालय ने यह भी कहा कि हाल ही में ठीक हुए मरीजों में से 83.20 प्रतिशत मरीज केवल 6 राज्यों के हैं। केरल में सबसे ज्यादा 5,745 मरीज ठीक हुए। वहीं महाराष्ट्र में 2,421 और गुजरात में 495 रोगी ठीक हुए।

(इस खबर के इनपुट आईएएनएस से लिए गए हैं।)

Back to top button