MP

पृथ्वीपुर DSP संतोष पटेल साइकिल पर लाए दुल्हन, सोशल मीडिया फ़िदा

पृथ्वीपुर में पदस्थ डीएसपी संतोष पटेल अपनी दुल्हन को हेलीकॉप्टर या लग्जरी कार से नहीं बल्कि साइकिल से घर लेकर आये।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) प्रदेश के पुलिस अधिकारी इन दिनों सोशल मीडिया पर हुए हैं। दो दिन पहले भिंड एसपी मनोज कुमार सिंह की डोली में हुई विदाई सोशल मीडिया में वायरल थी तो अब प्रदेश के एक डीएसपी साइकिल पर अपनी दुलहनिया को लाकर सोशल मीडिया में सुर्खियां बटोर रहे हैं।

प्रदेश के निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर में पदस्थ डीएसपी संतोष पटेल अपनी दुल्हन को हेलीकॉप्टर या लग्जरी कार से नहीं बल्कि साइकिल से घर लेकर आये। साइकिल चलाते डीएसपी संतोष पटेल और आगे बैठी नई नवेली दुल्हन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। संतोष पटेल की शादी छतरपुर जिले की रोशनी के साथ 29 नवंबर को हुई थी।

विवाह में बुंदेली परंपराओं का खासा ध्यान रखा गया। दूल्हे डीएसपी ने सिर पर खजूर के पेड़ के पत्तों का मुकुट, भारतीय परिधान पहने हुए थे। दुल्हन ने भी सीधे पल्ले की चुनरी पहन रखी थी। दूल्हा-दुल्हन को लाने ले जाने में पालकी का ही प्रयोग किया गया।

संतोष पटेल के मुताबिक हमारी संस्कृति और परंपराएँ बहुत समृद्ध हैं। हमें पद, प्रतिष्ठा और आधुनिकता के बीच संस्कृति, परंपरा और संस्कारों को नहीं भूलना चाहिए। संतोष पटेल ने अपने विवाह में अपनी बात को साबित भी कर दिखाया।

विवाह में सादगी के चलते डीएसपी संतोष पटेल को सोशल मीडिया पर सराहना मिल रही है। यह कहा जा रहा है कि आजकल शादियों में इंतजाम पर पैसा पानी की तरह बहाया जाता है, चकाचौंध और आधुनिकता से परिपूर्ण व्यवस्थाएं, भव्य लॉन-होटल और सजावट स्टेटस सिंबल बन चुका है। ऐसे में डीएसपी संतोष पटेल ने सादगी, परंपरा और संस्कारों की मिसाल पेश की है।

Back to top button