मेगा इवेंट: महाशिवरात्रि पर उज्जैन में जलेंगे 21 लाख दीप, जानिये खर्च?

महाकाल की नगरी में अयोध्या से भी बड़ा आयोजन, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराया जाएगा मेगा इवेंट।

उज्जैन (जोशहोश डेस्क) महाशिवरात्रि के दिन महाकाल की नगरी उज्जैन में 21 लाख दीपक जलाए जाएंगे। यह संख्या अयोध्या में जलाए गए 12 लाख दीपक से भी कहीं ज्यादा है। इस मेगा इवेंट को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराया जाएगा। एक साथ 21 लाख दीपक जलाने पर करीब 40 लाख रुपए खर्च होंगे।

जानकारी के मुताबिक क्षिप्रा नदी के भूखी माता मंदिर घाट से रामघाट तक ही 12 लाख दीये जलाए जाएंगे। तीन लाख दीपक अलग-अलग जगहों पर तथा शेष दीपक घरों और प्रतिष्ठानों में जलाये जायेंगे। महाकाल मंदिर में भी 51 हजार दिये जलाये जाएंगे। इसके अलावा मंगलनाथ मंदिर, चिंतामन मंदिर,काल भैरव मंदिर और हरसिद्धि मंदिर समेत अन्य मंदिरों पर भी दीपक जलाए जाएंगे।

इस कार्यक्रम की जिम्मेदारी जिला पंचायत, शिक्षा विभाग, नगर निगम और स्मार्ट सिटी को दी गई है। कार्यक्रम में सामाजिक संगठनों, विद्यर्थियों और दूसरे धर्मों से जुड़े लोगों को भी शामिल किया गया है। कार्यक्रम के लिए कई समितियां भी बनाई गई हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के भी शामिल होने की संभावना है।

इस मेगा इवेंट में करीब 40 लाख रुपए खर्च किये जाएंगे। इसमें दीये लगाने के लिए तेल, मिट्‌टी के दीये की कीमत और बाती समेत अन्य खर्च शामिल हैं। 1500 डिब्बे तेल के अलावा 4 लाख रुपए की बाती भी खरीदी जा रही है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड और लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड के अफसर भी इस दौरान उज्जैन में मौजूद रह सकते हैं।

कलेक्टर आशीष सिंह के मुताबिक पहले 15 लाख दीये लगाने की योजना बनाई गई थी, लेकिन लोगों के उत्साह और भागीदारी को देखते हुए अब 21 लाख दीपक जलाए जाने का लक्ष्य रखा गया है है। क्षिप्रा नदी के हाल ही में एक हजार दीपक लगाकर इस मेगा इवेंट की रिहर्सल भी की गई। एक वॉलंटियर करीब 100 दीपक लगा सकेगा। कार्यक्रम में सभी दीपक एक साथ शाम सात बजे जलाए जाएंगे।

Exit mobile version