MP NEWS : निकाय चुनाव के घोषणापत्र की तैयारी में भाजपा

मध्यप्रदेश में होने वाले नगरीय निकाय के चुनाव की तैयारियां भाजपा ने तेज कर दी है।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) मध्यप्रदेश में होने वाले नगरीय निकाय के चुनाव की तैयारियां भाजपा ने तेज कर दी है। भाजपा इन चुनाव के लिए घोषणापत्र तैयार करेगी, इस घोषणापत्र में किन-किन मुद्दों को स्थान दिया जाए, इस पर आगामी दिनों में मंथन होगा, इसका काम चुनाव संचालन समिति करेगी। भाजपा द्वारा नगरीय निकाय चुनाव के लिए बनाई गई चुनाव संचालन समिति की गुरुवार को पार्टी कार्यालय में हुई। इस बैठक में उप-समितियों के कार्य विभाजन के साथ तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा का कहना है कि भाजपा कैडर बेस्ड संगठन है। हमारे यहां जो भी तैयारियां की जाती हैं, वह कार्यकर्ताओं के आधार पर होती है। आगामी समय में नगरीय निकाय चुनाव और पंचायतों के चुनाव हैं। इन चुनावों के लिए हमारे कार्यकर्ता बूथ-बूथ पर सक्रियता के साथ काम कर रहे हैं। चुनाव प्रबंधन में रणनीति का महत्व अधिक होता है। चुनाव प्रबंधन और संचालन समिति की बैठकों में इसी दिशा में काम किया जा रहा है, ताकि बेहतर चुनाव प्रबंधन के माध्यम से पार्टी आगामी निकाय चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर सके और हमारा कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ चुनाव मैदान में उतरे।

प्रदेशाध्यक्ष शर्मा ने संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि संगठनात्मक ढांचे के आधार पर हम चुनाव में आगे बढ़ते हैं। चुनाव संचालन समिति ने संबंधित सभी मुद्दों पर जो तैयारियां की हैं, उसका प्रथम चरण पूरा हो गया है। अब अगला चरण शुरू होगा, जिसमें घोषणा-पत्र में क्या-क्या मुद्दे होंगे, कौन से विषय समायोजित किए जाएंगे, समिति इसकी तैयारियां करेगी।

नगरीय निकाय चुनाव संचालन समिति की बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, प्रदेश सह संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा एवं समिति के संयोजक उमाशंकर गुप्ता मौजूद रहे।

(इस खबर के इनपुट आईएएनएस से लिए गए हैं)

Exit mobile version