CS इकबाल सिंह के बेटे अमनबीर बैतूल कलेक्टर बने, मयंक अग्रवाल को नीमच का जिम्मा

अमनबीर सिंह को बैतूल और मयंक अग्रवाल को नीमच कलेक्टर बनाया गया है। दोनों ही 2013 बैच के आईएएस हैं।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस के बाद सोमवार को बैतूल और नीमच कलेक्टर को हटा दिया गया था। इन पदों पर नवीन पदस्थापना के आदेश मंगलवार को जारी हो गए हैं। अमनबीर सिंह को बैतूल और मयंक अग्रवाल को नीमच कलेक्टर बनाया गया है। दोनों ही 2013 बैच के आईएएस हैं। अमनबीर मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस के बेटे हैं। मध्यप्रदेश में यह पहली बार हुआ है जब किसी आईएएस के मुख्य सचिव रहते उनका बेटा कलेक्टर बना है।

अमनबीर इससे पहले सतना नगर पालिक निगम के आयुक्त थे। इसके साथ वे स्मार्ट सिटी सतना स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का दायित्व भी संभाल रहे थे। वहीं मयंक अग्रवाल इंदौर में बतौर अपर कलेक्टर पदस्थ थे।

सोमवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कलेक्टर कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस ली थी। इसके बाद बैतूल कलेक्टर राकेश सिंह और नीमच कलेक्टर जितेंद्र सिंह राजे पर गाज गिरी थी। इनके अलावा दो पुलिस अधीक्षक और एक नगर पुलिस अधीक्षक को भी हटाने के आदेश जारी हुए थे।

बताया जा रहा है कि नीमच के हटाए गए कलेक्टर जितेंद्र सिंह माफियाओं पर अंकुश लगाने में कमजोर साबित हो रहे थे। वहीं बैतूल के हटाए गए कलेक्टर राकेश सिंह की कार्यप्रणाली से भी शिवराज संतुष्ट नहीं थे। भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ताओं से भी बैतूल कलेक्टर का फीडबैक निगेटिव मिल रहा था।

बताया जा रहा है कि गुना एसपी राजेश सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया को एक एफआईआर में बोहरा धर्मगुरू सैयदना साहब का नाम शामिल करने पर कार्रवाई का सामना करना पड़ा। इनके अलावा निवाड़ी एसपी वाहिनी सिंह को भी हटाने के आदेश सोमवार को जारी हुुए थे।

राजेश सिंह और वाहिनी सिंह को पुल‍िस मुख्‍यालय में सहायक पुलि‍स महान‍िरीक्षक बनाया गया था। जबकि‍ नेहा को भी पुल‍िस मुख्‍यालय में उप पुल‍िस अधीक्षक बनाया गया था। वहीं जितेंद्र सिंह राजे को अपर सच‍िव व राकेश सिंह को उप सच‍िव बनाया गया था।

Exit mobile version